जनता देश में मोदी और प्रदेश में धामी के साथ: भाजपा

कांग्रेस हकीकत से कोसों दूर मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रही है: सुरेश जोशी

देहरादून, 17 नवंबर (हि.स.)। भाजपा ने कांग्रेस के अगले विधानसभा चुनाव में जीत के दावों को हकीकत से कोसों दूर मुंगेरी लाल के हसीन सपने बताए। जनता, कांग्रेस नेताओं के झूठे, हवा हवाई और निराधार बातों में नहीं आने वाली है, जो बिहार चुनाव परिणामों से भी स्पष्ट हुआ है।

सोमवार को प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता सुरेश जोशी ने कहा कि जनता देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में विकसित उत्तराखंड बनाने के लिए लगातार आगे बढ़ना चाहती है। कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए जोशी ने कहा कि उनके नेता अपनी नई टीम गठित होने के बाद भी लगातार अनर्गल आरोप, मिथ्या बातें, बिना सबूत और आधार के बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग हमारे संगठन के चुनाव पर उंगली उठाते हैं, उन्हें देखना चाहिए कि बूथ से प्रदेश अध्यक्ष तक की निर्वाचन प्रक्रिया में एक भी विरोध का स्वर कहीं सुनाई नहीं दिया होगा। जबकि कांग्रेस पार्टी के तो अभी आधे ही जिला अध्यक्ष घोषित किए गए हैं, उनमें भी लगातार इस्तीफे, विरोध प्रदर्शनों और असंतोष की खबरों से मीडिया व सोशल मीडिया भरे हुए हैं।

उन्होंने कांग्रेस नेताओं के जोश में किए दावों पर तंज कसते हुए कहा कि 27 का चुनाव जीतने का मंसूबा पाले बैठे उनके नेता मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं। क्योंकि जिस तरह कांग्रेस नेतृत्व बहुसंख्यक समाज की आवाज दबाने का प्रयास करता है, तुष्टिकरण की राजनीति पर आगे बढ़ता है, नकारात्मक राजनीति उनका अहम हथियार होता है। उससे उनके जीत के दावे जमीनी हकीकत से कोसों दूर हैं। जिसका ताजा उदाहरण है, बिहार की जनता का जवाब। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को समझ नहीं आ रहा है, लेकिन जनता बखूबी समझती है। राज्य निर्माण के बाद 10 वर्ष कांग्रेस केंद्र और राज्य की सत्ता में रही लेकिन कोई ठोस कार्य नहीं किया, बल्कि केंद्र पर निर्भरता को भी दरकिनार किया और राज्य को अपने हाल पर छोड़ दिया।

जोशी ने कहा कि कांग्रेस को गलतफहमी है कि 2012 में वह जनता का विश्वास जीत कर सत्ता में आई थी, जबकि सच यह है कि सिर्फ एक सीट के अंतर से भाजपा रिपीट नहीं हो पाई थी। उसके बाद 2017 में 57 और 2022 में 47 सीट जीतकर जनता ने भाजपा पर भरोसा दिखाया है। प्रदेश की जनता कांग्रेस नेताओं के झूठे दावों और बड़बोलेपन में नहीं फंसने वाले हैं और भविष्य में भी जनता को देश में मोदी और प्रदेश में धामी ही चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद पोखरियाल

   

सम्बंधित खबर