ग्लोबल हीलिंग डे पर ऋषिकेश में हाेगी संयुक्त मानव धर्म प्रार्थना, जुटेंगे विश्वभर के प्रतिनिधि, ‘वन वर्ल्ड फैमिली’ का लेंगे संकल्प

ऋषिकेश, 09 अगस्त (हि.स.)। 9वें ग्लोबल हीलिंग‌ डे पर आगामी 11 अगस्त को ऋषिकेश के परमार्थ‌ निकेतन में विश्व के कई देशों के प्रतिनिधि ‌जुटेंगे और स्वास्थ्य लाभ लेंगे मानवता के लिए भारत के वसुधैव कुटुंबकम के संदेश के साथ सर्वधर्म प्रार्थना कृष्णा गुरूजी सोशल वेलफेयर सोसायटी की ओर से प्रायोजित होगी। यह आध्यात्मिक योग गुरु कृष्णा कांत मिश्रा (कृष्णा गुरुजी) के सानिध्य में होगी। इसमें सभी पंथों-धर्म के प्रमुख भाग लेकर ‘वन वर्ल्ड फैमिली’ का संकल्प लेंगे। कृष्णा गुरुजी ग्लोबल हीलिंग डे को भारत, मलेशिया, दुबई, न्यूयॉर्क, अमेरिका और सिएटल में आयोजित कर चुके हैं। इस बार भारत में आयोजित किया गया है। हर साल 11 अगस्त को अलग-अलग देश में आयोजित होने वाले इस ग्लोबल हीलिंग डे में सभी धर्म के लोग पूजा, दुआ, अरदास या प्रेयर्स के माध्यम से एक साथ मानव धर्म और विश्व शांति के लिए प्रार्थना करते हैं। परमार्थ निकेतन में शुक्रवार काे मीडिया से बातचीत के दाैरान आध्यात्मिक हीलर कृष्णा कांत मिश्रा (कृष्णा गुरुजी) ने बताया कि उन्होंने अपना जीवन अधिकांश शारीरिक संघर्ष के साथ गुजारा है। एक वक्त उन्होंने पंथ विशेष के ब्लड बैंक से ब्लड मांगी ताे उन्होंने कहा कि हम अपने ही पंथ के लोगों को ही देते हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य की जरूरत भी केवल अपने पंथ के लोगों को। यह सुनकर उन्हें बड़ा दु:ख हुआ। ऊपर वाले ने सभी काे एक समान बनाकर भेजा है, लेकिन हमने उसे बांट दिया। तभी से मैंने संकल्प लिया कि मैं कुछ ऐसा करूंगा जिसमें पंथ और धर्म से पहले मानवता हो। उन्होंने कहा कि कहने को सब कहते हैं कि हम सब एक हैं, पर इंसानों को पंथ और धर्म में बांटने से इंसानियत का गला घोटा गया है। एक दिन, 11 अगस्त को निर्धारित कर उन्होंने धर्म-पंथ को देश-विदेश के लोगों को एक कड़ी में बांधना शुरू किया। उन्हें ऑनलाइन कांसेप्ट का भी‌‌ भरपूर सहयोग मिला। 11 अगस्त को ऑनलाइन करने के बाद 2017 से नियमित रूप से किसी एक देश में करने का निर्णय लिया। भारत देश तो स्वतः ही वसुधैव कुटुंबकम् का संदेश देता है। 2016 का ऑनलाइन, 2017 मलेशिया, 2018 भारत उज्जैन, 2019 दुबई, 2020-2021 कोविड की वजह से ऑनलाइन, 2022 अमेरिका सिएटल, 2023 न्यूयॉर्क में आयोजित किया गया। अब 11 अगस्त 2024 को 9वां ग्लोबल हीलिंग डे ऋषिकेश के परमार्थ निकेतन आश्रम में आयोजित होना है। सिखाएंगे स्पर्श चिकित्सा डिवाइन एस्ट्रो हीलिंग कृष्णा गुरूजी सोशल वेलफेयर सोसायटी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में देश-विदेश से लोग शामिल होंगे। हालांकि कार्यक्रम नाै अगस्त से ही प्रारंभ हो चुका है। इसमें कृष्णा मिश्रा अनुयायियों को स्पर्श चिकित्सा डिवाइन एस्ट्रो हीलिंग सिखाएंगे। समापन 11 अगस्त को ग्लोबल हीलिंग से होगा। इसमें संयुक्त मानव धर्म प्रार्थना एवं टच हीलिंग होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विक्रम सिंह / कमलेश्वर शरण

   

सम्बंधित खबर