ट्विशा शर्मा केस को लेकर पुलिस कमिश्नर बोले, निष्पक्ष जांच जारी, सास गिरिबाला से भी होगी पूछताछ
- DSS Admin
- May 23, 2026
- आरोपित पति को कोर्ट में किया गया पेश
भोपाल, 23 मई (हि.स.) । अभिनेत्री और मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे पुलिस ट्विशा के पति और मुख्य आरोपित समर्थ सिंह को मध्य प्रदेश के जबलपुर से गिरफ्तार कर भोपाल लेकर पहुंची, जिसके बाद शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच उसे जिला कोर्ट में पेश किया गया। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर शनिवार दोपहर भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की और पुलिस का पक्ष मीडिया के सामने रखा।
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि आरोपित समर्थ सिंह को देर रात ही भोपाल लाया गया है, इसलिए अभी उससे विस्तृत पूछताछ नहीं हो सकी है। पुलिस कोर्ट से समर्थ की 7 दिनों की पुलिस रिमांड (पीआर) मांग रही है। रिमांड मिलने के बाद आरोपी से घटना वाली रात के घटनाक्रम, पारिवारिक विवाद, मोबाइल चैट, कॉल डिटेल्स और फरारी के दौरान की उसकी गतिविधियों को लेकर गहन पूछताछ की जाएगी।
कमिश्नर ने कहा कि पुलिस टीम लगातार समर्थ की तलाश में दबिश दे रही थी, लेकिन इस बात का अंदाजा नहीं था कि वह सीधे कोर्ट पहुंचकर आत्म समर्पण कर देगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि फरारी के दौरान समर्थ को शरण देने, आर्थिक मदद करने या बचाने की कोशिश करने वाले लोगों को भी नहीं बख्शा जाएगा। पुलिस अब इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि वह किन-किन लोगों के संपर्क में था।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि मामले की दूसरी आरोपित और ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह (रिटायर्ड जज) को पूछताछ के लिए अब तक तीन बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं, लेकिन वे पुलिस के सामने उपस्थित नहीं हुई हैं। इसी असहयोग के चलते पुलिस ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका को रद्द कराने के लिए कोर्ट में आवेदन दे दिया है और जल्द ही उनसे भी सख्ती से पूछताछ की जाएगी।
ट्विशा के शव के दोबारा पोस्टमॉर्टम (सेकंड पीएम) को लेकर कमिश्नर ने साफ किया कि यह प्रक्रिया भोपाल एम्स में ही कराई जाएगी। वर्तमान में यह विषय सामान्य प्रशासन विभाग देख रहा है और पुलिस लगातार उनके संपर्क में है। मामले में जो भी वैधानिक और कानूनी प्रक्रिया होगी, उसका पूरी तरह पालन किया जाएगा।
वहीं, मृतका के परिजनों द्वारा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए कमिश्नर ने कहा कि परिजनों का आरोप है कि ट्विशा की असल हाइट 5.73 इंच (5 फीट 7.3 इंच) है, जबकि पीएम रिपोर्ट में इसे 5.7 इंच दर्ज किया गया है। कमिश्नर ने तर्क दिया कि इतने मामूली अंतर से पुलिस की तकनीकी और कानूनी जांच पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उन्होंने परिजनों के असंतोष पर कहा कि भोपाल पुलिस पूरी तरह निष्पक्ष जांच कर रही है और केस में कोई कमी नहीं छोड़ी गई है।
इससे पहले, शनिवार सुबह आरोपित समर्थ सिंह को कटारा हिल्स थाने से भारी पुलिस बंदोबस्त के बीच भोपाल के जेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका मेडिकल टेस्ट कराया गया। इसके बाद उसे जिला अदालत में पेश किया गया, जहां सुनवाई चल रही है। सुरक्षा के लिहाज से कटारा हिल्स थाने और कोर्ट परिसर के बाहर बैरिकेडिंग कर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
गौरतलब है कि 31 वर्षीय एक्ट्रेस-मॉडल ट्विशा शर्मा की गत 12 मई को उनके ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। ट्विशा, भोपाल के कटारा हिल्स स्थित बागमुगालिया एक्सटेंशन निवासी रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह की बहू थी और उनका पति समर्थ सिंह पेशे से वकील है। घटना के बाद ससुराल पक्ष ने इसे फांसी लगाकर आत्महत्या बताया था, जबकि ट्विशा के मायके पक्ष ने सास और पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का सीधा आरोप लगाया है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए कल ही राज्य सरकार ने केस की जांच सीबीआई को सौंपने की अधिसूचना जारी की है।
---------------

