हिसार : कबाड़ में लगी भयंकर आग, पुलिस कर्मचारी गंभीर रूप से झुलसा
- Vijesh Sharma
- Jun 08, 2026

आग ने लिया विकराल रूप, मची अफरा-तफरी
हिसार, 08 जून । जिले के अग्रोहा क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई
जब भूना रोड स्थित एक प्लॉट में रखे कबाड़ के ढेर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही
देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे क्षेत्र में धुएं का घना गुबार फैल गया।
आग की लपटें और धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगे, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का
माहौल बन गया।
क्षेत्रवासियों ने लोगों ने सोमवार दोपहर को लगी आग की सूचना तुरंत पुलिस व
फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही फायर विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और
आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया गया। अग्रोहा थाना पुलिस की टीम भी तत्काल मौके
पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। आग बुझाने के प्रयासों के दौरान एक
पुलिसकर्मी बहादुरी दिखाते हुए पास में बने एक शेड पर चढ़कर वहां रखा सामान सुरक्षित
स्थान पर हटाने का प्रयास कर रहा था।
इसी दौरान अचानक शेड भरभराकर टूट गया, जिससे पुलिसकर्मी
नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल पुलिसकर्मी को तुरंत उपचार के लिए महाराजा
अग्रसेन मेडिकल कॉलेज, अग्रोहा में भर्ती करवाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। जिस स्थान पर आग लगी थी, उसके आसपास बड़ी संख्या में झुग्गियां स्थित हैं।
यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आग झुग्गी बस्तियों तक पहुंच सकती थी,
जिससे भारी जन-धन हानि होने की आशंका थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने
एहतियातन आसपास की झुग्गियों को खाली करवाया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
फायर कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों
का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच करते हुए नुकसान
के आंकलन में लगे हैं।

