अपडेट --हिसार में जेल से छूटे युवक की पेशी से पहले गाेली मारकर हत्या
- Admin Admin
- Apr 17, 2025

कुछ माह पहले ही जेल से छूटकर आया था मृतक, 19 को थी पेशी
हमलावर पक्ष के युवक को भी लगी गोली, अस्पताल में भर्ती
हिसार, 17 अप्रैल (हि.स.)। शहर में दो गुटों की पुरानी रंजिश के चलते एक युवक
की चाकू व गोली मारकर हत्या कर दी गई। झगड़े में हमलावर पक्ष के एक युुवक को भी गोली
लगी बताई गई है, जिसका निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के दौरान अन्य युवक
भी मौके पर मौजूद थे, जो युवक की मौके पर ही मौत होने के बाद फरार हो गए। मृतक की मां
ने पांच युवकों पर उसके बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की
मांग की है।
मृतक की पहचान महता नगर निवासी 18 वर्षीय आकाश उर्फ बच्ची के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक वह आठ-नौ माह पहले ही झगड़े के एक मामले में जेल से छूटकर आया था। इसके अलावा गोली
लगने से घायल युवक रमन इंदिरा कॉलोनी का रहने वाला है। पुलिस ने मृतक युवक आकाश के
शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा वहीं घायल युवक रमन को निजी अस्पताल
में भर्ती कराया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक और घायल युवक के बीच पुरानी रंजिश चल
रही है। बुधवार की रात दोनों पक्ष सब्जी मंडी वाले पुल के निकट इकट्ठा हुए थे, जहां
चाकूबाजी और फायरिंग हुई। पुलिस उन युवकों की भी तलाश कर रही है, जो उस झगड़े के वक्त
मौजूद थे। मृतक आकाश मूल रूप से बिहार का रहने वाला था। वह अपनी मां शीला देवी के साथ
मेहता नगर में किराए के मकान में रहता था। उसकी मां साफ-सफाई का काम करती हैं। आकाश
के पिता की मृत्यु हो चुकी है।
मृतक की मां शीला ने बताया कि उसके दो बेटे है, बड़ा अगस्त और छोटा आकाश। बड़ा
बेटा दादा-दादी के पास गांव में रहता है जबकि छोटा आकाश मेरे पास। बुधवार की रात को
उसका बेटा आकाश अपने दोस्त के साथ बाइक पर घर से निकला था। देर रात तक आकाश घर नहीं
आया लेकिन गुरुवार सुबह चार बजे उसे सूचना मिली कि आकाश का शव सब्जी मंडी के पुल के
पास पड़ा हुआ है। वह मोहल्ले के लोगों के साथ तुरंत मौके पर पहुंची।
शीला देवी ने बताया
कि जब वह मौके पर पहुंची तो उसकी बेटे की मौत हो चुकी थी। शरीर पर चाकू के वार थे।
इसके अलावा सिर में गोली मारी गई थी। जमीन पर खून ही खून फैला था। पास में ही चाकू
पड़ा था। मौका ए वारदात का यह दृश्य देख वह बेसुध हो गई। साथ आए लोगों ने उसे संभाला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। साथ ही शव को पोस्टमॉर्टम के भेजा।
पुलिस ने मौका ए वारदात पर पड़े चाकू को भी कब्जे में ले लिया।
मृतक की मां शीला देवी ने बताया कि बेटे आकाश का डबल फाटक के पास इंदिरा नगर
के रहने वाले रमन के साथ झगड़ा चल रहा था। बुधवार की शाम को भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ
था। आरोप है कि रमन ने ही अपने साथी जीतू, करण, मुक्की, दिनेश के साथ मिलकर उसके बेटे
की चाकू और गोली मारकर हत्या की है। उसने बेटे के हत्यारों के खिलाफ पुलिस से सख्त
कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मृतक की मां के बयान दर्ज कर लिए हैं।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि मृतक युवक आकाश उर्फ बच्ची आपराधिक प्रवृत्ति
का था। उसके कई लोगों से विवाद चल रहे थे। आठ-नौ माह पहले ही वह जेल से छूट कर आया था। उसकी मां ने बताया
कि आकाश ज्यादातर घर से बाहर ही रहता था। घर पर कम ही आता था। बुधवार की रात वह घर
आया था, इसी दौरान दोस्त के साथ बाइक से निकला था। उधर, गोली लगने से घायल हुए रमन
भी झगड़ालू किस्म का है। वह तीन बच्चों का पिता भी है।
फिलहाल, उसका एक निजी अस्पताल
में उपचार चल रहा है। एचटीएम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन ने बताया कि मृतक आकाश और हमलावरों के
बीच पुरानी रंजिश थी। इस मामले में कोर्ट में केस भी चल रहा था। दो दिन बाद 19 अप्रैल
को ही आकाश की कोर्ट में पेशी थी। घटना रात करीब 1:30 बजे की है। सूचना मिलते ही पुलिस
मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आकाश की मां
की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने दावा किया कि आरोपियों
को शीघ्र पकड़ लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर