राज्य का पर्वतीय क्षेत्र आपदा ग्रस्त और भाजपा के सभी नेता दिल्ली में हैं : सूर्यकांत धस्माना

देहरादून, 09 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने भाजपा नेताओं पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य का पर्वतीय क्षेत्र आपदा ग्रस्त है और मुख्यमंत्री मंत्रिमंडल के सदस्य व राज्य के सभी सांसद दिल्ली में हैं।

सूर्यकांत धस्माना ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पिछले एक महीने से चमोली, रुद्रप्रयाग समेत पूरे गढ़वाल मंडल में आपदा आई हुई है। केदार घाटी में बीते 31 जुलाई को जो आपदा आई उससे 2013 की आपदा की यादें ताजा हो गई। बावजूद मुख्यमंत्री समेत सारे मंत्री व सांसद आपदा से निपटने के बजाय दिल्ली में प्रधानमंत्री, गृहमंत्री से मिल रहे हैं। इससे ज्यादा अफसोसनाक बात क्या हो सकती है कि लोकसभा में पांच में से एक भी सांसद ने उत्तराखंड में आई आपदा पर केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित नहीं किया। उन्होंने कहा कि आज जब प्रदेश के हर जिले के प्रभारी मंत्री को अपने अपने प्रभार वाले जिले में आपदा राहत व बचाव कामों की मॉनिटरिंग करनी चाहिए थी तब वे दिल्ली दरबार में मुख्यमंत्री बनाओ कार्यक्रम में जुटे हुए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार / वीरेन्द्र सिंह

   

सम्बंधित खबर