कांग्रेस आलाकमान को स्थानीय नेताओं पर नहीं है भरोसा : सुरेश सुयाल

देहरादून, 10 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश सुयाल ने कांग्रेस की दिल्ली बैठकों पर कहा कि उनके आलाकमान को स्थानीय नेताओं पर भरोसा नहीं है। जिनके प्रभारी को भी राज्य में बैठक लेने के लिए फुर्सत नहीं है और वो अपने युवराज के आने का ढोल एक बार पुनः पीटने लगे हैं।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विनोद सुयाल ने एक जारी बयान में कहा कि कांग्रेस के लोकल नेताओं की जनता और आलाकमान, दोनों की नजरों में कोई अहमियत नही है। साथ ही राहुल के उत्तराखंड आने के दावों पर भी व्यंग किया कि इनके प्रदेश प्रभारी को तो राज्य में आने की फुर्सत नही है और बैठक के लिए भी दिल्ली बुलाते हैं।

उन्होंने कहा कि पहले भारत जोड़ो यात्रा में आने का शोर मचाते रहे,फिर न्याय यात्रा में एक माह रहने का दावा किया,दोबारा भारत जोड़ो न्याय यात्रा की चर्चा करवाकर भी नहीं आए। इस दौरान आम चुनाव भी बीते और आपदा का सामना भी प्रदेश ने किया लेकिन इनके शीर्ष नेता को समय नहीं मिला। अब फिर सितंबर में आने की हवाई घोषणा,जबकि उत्तराखंड की जनता को इनके आलाकमान की मंशा और इनके आलाकमान को राज्य में अपनी राजनैतिक हैसियत का बखूबी अहसास है। फिलहाल सच्चाई यह कि उनके राजनैतिक पर्यटन पर आने जाने से कोई प्रभाव नहीं पड़ने वाला है।

सुयाल ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेसी न तो किसी को अपना प्रदेश अध्यक्ष स्वीकारते हैं और न ही उनका आलाकमान अपने नेताओं को कुछ समझता है। यही वजह है कि निकाय पंचायत चुनाव,संगठन विस्तार जैसे राज्य के मुद्दों को लेकर भी उन्हें दिल्ली में चर्चा करनी पड़ रही है। अब तो आने वाले दिनों में उत्तराखंड कांग्रेस की रैलियां भी दिल्ली में होंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार / प्रभात मिश्रा

   

सम्बंधित खबर