सारण, 06 जुलाई (हि.स.)।
बिहार राज्य स्वास्थ्य समिति के निर्देशानुसार जिले में 11 से 31 जुलाई तक जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा।
इसका मुख्य उद्देश्य योग्य दंपतियों को परिवार नियोजन की सेवाएं देना और छोटे परिवार के महत्व के प्रति जागरूक करना है। इससे पूर्व 10 जुलाई तक दम्पति संपर्क पखवाड़ा के तहत आशा और एएनएम घर-घर जाकर लोगों को प्रेरित कर रही हैं।
सिविल सर्जन डॉ राजकुमार चौधरी ने सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों को विशेष शिविर आयोजित करने तथा ऑपरेशन थिएटर व जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
पखवाड़े के दौरान महिला बंध्याकरण, पुरुष नसबंदी, अंतरा इंजेक्शन और कॉपर-टी जैसी सभी प्रमुख सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध रहेंगी।
अभियान में लोगों को सही उम्र में शादी और दो बच्चों के बीच 3 साल का अंतर रखने पर जागरूक किया जाएगा। इसमें पंचायत प्रतिनिधियों और जीविका दीदियों का भी सहयोग लिया जाएगा। नसबंदी के लिए उत्प्रेरकों को 300 रुपए से 400 रुपए तक की प्रोत्साहन राशि और लाभार्थियों को निःशुल्क एंबुलेंस सेवा मिलेगी।
---------------

