मंत्री एके शर्मा ने बाढ़ पीड़ितों में वितरित की राहत सामग्री

सिद्धार्थनगर 27 जुलाई (हि. स)। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री/जिले के प्रभारी मंत्री एके शर्मा ने नौगढ़ तहसील के ग्राम पंचायत टड़िया बाजार, प्राथमिक विद्यालय मरवटिया में बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री वितरण की।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में आप के दुख में शामिल होने का अवसर मिला। बाढ़ प्रभावित सभी क्षेत्रों में जनप्रतिनिधिगण एवं जिला प्रशासन निरन्तर आपके सेवा में लगे रहे। किसी भी प्रकार की समस्या न होने पाये इसके लिए नाव, राहत सामग्री, लंच पैकेट आदि का वितरण किया जा रहा है। सरकार आपके साथ है। मंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि बाढ़ में क्षतिग्रस्त फसलों का सर्वे करा लिया जाये तथा समय पर उनका मुवाअजा उपलब्ध कराये।

सांसद जगदम्बिका पाल ने लोगों को सम्बोधित करते हुये कहा कि दैवीय आपदा/बाढ़ विभीषिका से जनपद की सभी तहसीलें प्रभावित हुयी थी। बाढ़ में लगातार मैं स्वयं आपके साथ खड़ा रहा हूं। जिला प्रशासन ने लगातार गांवों में लेखपाल, आशा को गांव में रहकर लोगों को सहयोग करने के लिए लगाया गया था। उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश के क्रम में मंत्री स्वयं आपके बीच आकर बाढ़ राहत सामग्री का वितरण कर रहे हैं। आज लगभग 1278 लोगों को राहत सामग्री का वितरण किया गया। बाढ़ के दौरान जिन किसानों के फसलों की क्षति हुई है। बाढ़ समाप्त होने के बाद सर्वे कराकर क्षतिपूर्ति दिलायी जायेगी। जिला प्रशासन द्वारा मैरूण्ड गांवों एवं बाढ़ प्रभावित गांवों में नाव की व्यवस्था की गयी है। बाढ़ प्रभावित गांवों में लेखपालों को लगाया है। वह लोगों को बाढ़ राहत सामग्री व लंच पैकेट आदि उपलब्ध करायेंगे। गर्भवती महिलाओं को चिन्हित कराकर उन्हें निकट के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / बलराम त्रिपाठी / मोहित वर्मा

   

सम्बंधित खबर