प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के 10 साल पूरे, निगम ने अब तक 11052 घर सौंपे
- Admin Admin
- Jun 28, 2025
रांची, 28 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) को 10 साल पूरे हो गए हैं। इस मौके को रांची नगर निगम ने खास तरीके से मनाया गया। शनिवार को शहर के अलग-अलग इलाकों वार्ड संख्या 07, 10, 19 और धुर्वा के निर्मल आवास में कार्यक्रम आयोजित किए गए। नगर निगम ने लाभुकों के साथ पौधा वितरण, बातचीत, प्रेरक कहानियां और गृहप्रवेश जैसे कई आयोजन किए।
नगर निगम के अनुसार अब तक योजना के तहत रांची शहर में 11,052 घर बनाए जा चुके हैं। जनवरी 2025 से जून 2025 तक 183 नये घर पूरे हुए हैं। निगम के अधिकारियों ने पांच परिवारों को नये घर की चाबी सौंप कर गृह प्रवेश करवाया।
निगम के उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू ने बताया कि अब योजना का नया वर्जन प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 शुरू हो चुका है। इसमें बेघर और ज़रूरतमंद शहरी परिवारों को ध्यान में रखा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे



