प्रवासी राजस्थानी 'आपणो अग्रणी राजस्थान' संकल्प में निभाएं भूमिका: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

राजस्थानी समाज द्वारा आयोजित सम्मान समारोह

वडोदरा/जयपुर, 5 मई (हि.स.)। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि विश्वभर में बसे प्रवासी राजस्थानी न केवल अपनी कर्मभूमि पर बल्कि मातृभूमि से भी जुड़ाव बनाए रखते हुए सामाजिक सरोकारों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने प्रवासियों से ‘आपणो अग्रणी राजस्थान’ संकल्प में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री शर्मा सोमवार को गुजरात के वडोदरा में राजस्थानी समाज द्वारा आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्थान शक्ति और भक्ति की धरती है, जहां महाराणा प्रताप, पन्नाधाय, मीराबाई और मां अमृता देवी जैसी महान विभूतियां जन्मीं। इन्हीं से प्रेरणा लेकर हम समृद्ध और सशक्त राजस्थान के निर्माण में जुटे हैं।

शर्मा ने बताया कि ‘कर्मभूमि से मातृभूमि’ अभियान के तहत प्रवासी राजस्थानी व भामाशाहों के सहयोग से 45 हजार जल संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है, जिससे वर्षा जल संचयन और भूजल स्तर बढ़ाने में मदद मिलेगी। साथ ही उन्होंने रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता और देवास परियोजना जैसे जल परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी भी साझा की। उन्होंने कहा कि गुजरात और राजस्थान एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। महात्मा गांधी और सरदार पटेल जैसे नेताओं के योगदान को स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों का मेल देश की एकता और विकास का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में 37 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें से 3 लाख करोड़ के प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग हो चुकी है।

मुख्यमंत्री शर्मा ने दावा किया कि उनकी सरकार में अब तक एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि हम पांच वर्षों में चार लाख सरकारी नौकरियां देने के लक्ष्य के साथ काम कर रहे हैं। पूर्ववर्ती सरकार में हुई पेपरलीक घटनाओं को लेकर उन्होंने युवाओं से विश्वासघात बताया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन पर कार्य करते हुए गरीबों, युवाओं, महिलाओं और किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। हम पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय सिद्धांत पर अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के उत्थान के लिए काम कर रहे हैं।

समारोह में बड़ी संख्या में प्रवासी राजस्थानी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

   

सम्बंधित खबर