सीडीओई, जम्मू विश्वविद्यालय में एमए एजुकेशन कार्यक्रम हेतु प्री-एडमिशन काउंसलिंग आयोजित
- Neha Gupta
- Jun 22, 2026

जम्मू, 22 जून । जम्मू विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एम.ए. एजुकेशन (चॉइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम) दो वर्षीय डिग्री कार्यक्रम में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए प्री-एडमिशन काउंसलिंग सत्र आयोजित किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। काउंसलिंग सत्र का उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की संरचना, पात्रता मानदंड, पाठ्यक्रम ढांचे, छात्र सहायता सेवाओं, करियर संभावनाओं और प्रवेश प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान करना था। सीडीओई के निदेशक प्रो. पंकज श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्री-एडमिशन काउंसलिंग छात्रों को सही शैक्षणिक निर्णय लेने में मदद करती है। उन्होंने सीडीओई की छात्र-केंद्रित कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और लचीली शिक्षा का लाभ उठाने का आह्वान किया।
एम.ए. एजुकेशन कार्यक्रम की समन्वयक डॉ. अनुराधा गोस्वामी ने बताया कि यह सीडीओई का पहला चॉइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम कार्यक्रम है। उन्होंने पाठ्यक्रम की विशेषताओं, संरचना और शिक्षा संबंधी ज्ञान व व्यावसायिक दक्षता विकसित करने में इसकी भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर डॉ. पूजा शर्मा और डॉ. अनुराधा रानी ने भी विद्यार्थियों से संवाद कर उनके शैक्षणिक एवं व्यावसायिक भविष्य से जुड़े प्रश्नों का समाधान किया।

