यूपी पुलिस साइबर क्राइम की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए दृढ़ संकल्पित: पुलिस महानिदेशक

लखनऊ, 06 अगस्त (हि.स.)। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रशांत कुमार ने मंगलवार को कहा कि साइबर क्राइम एक ऐसा क्षेत्र है, जिसने पिछले कुछ वर्षों में विकराल रूप धारण कर लिया है। इसे रोकना एक बड़ी चुनौती है। इससे निजात पाने के लिए उपभोक्ता या डिजिटल लेन-देन वाले संस्थानों को भी सचेत रहने की आवश्यकता है। यूपी पुलिस साइबर क्राइम से लड़ने और साइबर क्राइम की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए दृढ़ संकल्पित है।

डीजीपी ने गोमतीनगर विस्तार स्थित पुलिस मुख्यालय में भारतीय स्टेट बैंक द्वारा साइबर ठगी के प्रति चलाये जा रहे साइबर सुरक्षा जागरूकता पखवाड़ा का शुभारम्भ एवं साइबर सुरक्षा बुकलेट का विमोचन किया। साथ ही साथ जागरूकता के लिए लखनऊ, बरेली, प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी और गोरखपुर मंडलों के लिए भेजी जाने वाली छह प्रचार वाहनों को हरी झंडी देकर रवाना किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग के साथ-साथ स्टेट बैंक ऑफ इण्डिया ने आम जनता को जागरूक करने का जो तरीका अपनाया है, वह सराहनीय है। जागरूकता का माध्यम वही होना चहिये जो आम जनता की समझ में आये। प्रदेश सरकार इस चुनौती से निपटने के लिए निरन्तर सार्थक प्रयास कर रही है। इसी उद्देश्य से प्रदेश के सभी जिलों में साइबर थाने खोले गये और साइबर हेल्प डेस्क बनाई गई।

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक वरुण / Siyaram Pandey

   

सम्बंधित खबर