प्रधानमंत्री मोदी सड़क मार्ग से जमशेदपुर के लिए रवाना

मुख्यमंत्री सोरेन छह वंदे भारत ट्रेनों के शुभारंभ के मौके पर नहीं थे मौजूद

रांची, 15 सितंबर (हि.स.)। करीब दो से ढाई घंटे के इंतजार के बाद आखिरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का काफिला सड़क मार्ग से जमशेदपुर के लिए रवाना हुआ। प्रधानमंत्री के झारखंड में रविवार को चार कार्यक्रम तय थे। इनमें से दाे कार्यक्रमों में वह आभासी रूप से शामिल हुए। एक कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया। एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री की यात्रा के कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा।

प्रधानमंत्री मोदी जमशेदपुर के गोपाल मैदान से भाजपा की परिवर्तन रैली को संबोधित करेंगे। पहली बार ऐसा होगा जब झारखंड में कोई प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से होते हुए इतनी लंबी यात्रा करते हुए सभा स्थल तक पहुंचेंगे। मौसम खराब होने की वजह से हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। इसकी वजह से प्रधानमंत्री को सड़क मार्ग से ही निकलना पड़ा।

इससे पहले प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए छह वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान उन्होंने लोगों को करमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झारखंड को विकास का नया आशीर्वाद मिला है। छह वंदे भारत का सौगात मिला है। झारखंड के हजारों लोगों को पक्का घर मिला है। झारखंड की जनता को इसके लिए बधाई देता हूं। एक समय था जब आधुनकि सुविधाएं देश के कुछ राज्यों तक सीमित थीं। झारखंड जैसे राज्य आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास के मामले में पीछे छूट गये थे लेकिन सबका साथ सबका विकास के मंत्र ने देश की सोच और प्राथमिकताओं को बदल दिया है।

उधर, वंदे भारत ट्रेन के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल नहीं हुए। झारखंड में प्रधानमंत्री का यही एक मात्र सरकारी कार्यक्रम था। रेल विभाग ने इस कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया था।

सूत्रों के मुताबिक जमशेदपुर की जनसभा विशुद्ध रूप से भाजपा का अपना कार्यक्रम है, इसलिए मुख्यमंत्री सोरेन वहां भी नहीं गये। जमशेदपुर में भारी बारिश और कम दृश्यता की वजह से रांची एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर नहीं उड़ पाया, जिसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने रांची एयरपोर्ट से ही वर्चुअली छह वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखायी। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी सड़क मार्ग से जमशेदपुर के लिए रवाना हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शारदा वन्दना

   

सम्बंधित खबर