प्राचार्य पदोन्नति संघर्ष मोर्चा ने 25 मार्च तक पदोन्नति आदेश जारी करने मुख्यमंत्री काे लिखा पत्र
- Admin Admin
- Mar 03, 2025

काेंड़ागांव, 3 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्य प्राचार्य पदोन्नति संघर्ष मोर्चा व छत्तीसगढ़ राज्य सर्व शासकीय सेवक अधिकारी कर्मचारी पदोन्नति संघर्ष मोर्चा ने संयुक्त रूप से स्कूल शिक्षा विभाग के अधीन काम कर रहे हजारों नियमित व्याख्याता व प्रधान अध्यापकों की प्राचार्य के पद पर पदोन्नति की मांग उठाई है। इस संबंध में आज साेमवार काे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर 25 मार्च से पहले पदोन्नति आदेश जारी करने की मांग की है। बीते 11 सालों से 3500 से ज्यादा हाईस्कूल व हायर सेकेंडरी स्कूलों में प्राचार्य के खाली पदों पर पात्रता रखने वाले नियमित प्राचार्य व प्रधान अध्यापकों की अब तक पदोन्नति नहीं हुई है। ऐसे में प्राचार्य पदोन्नति संघर्ष मोर्चा के प्रदेश संयोजक सतीश प्रकाश सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर 25 मार्च से पहले पदोन्नति आदेश जारी करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि हर महीने सैकड़ों की संख्या में वरिष्ठ व्याख्याता व प्रधान अध्यापक सेवानिवृत्त हो रहे हैं। कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के जिला सहसंयोजक लोकेश गायकवाड़ ने बताया कि बीते तीन महीनों में 300 से ज्यादा व्याख्याता व प्रधान अध्यापक बिना पदोन्नति के सेवानिवृत्त हो चुके हैं। 35 साल से ज्यादा सेवा पूरी करने और प्राचार्य पद का वेतन पाने के बावजूद वे व्याख्याता व प्रधान अध्यापक पद से ही सेवानिवृत्ति पर चले जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे