प्रो. उपेन्द्र आदर्श संस्कृत महाविद्यालय, बिहार प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पद पर नामित
- Admin Admin
- Feb 01, 2025
वाराणसी, 01 फरवरी (हि.स.)। पूर्व अध्यक्ष, वेद विभाग बीएचयू राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित प्रो. उपेन्द्र कुमार त्रिपाठी को बिहार के डॉ. रामजी मेहता आदर्श संस्कृत महाविद्यालय के प्रबंधन समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। कुलपति, केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय नई दिल्ली ने प्रो. त्रिपाठी को अध्यक्ष पद पर तीन वर्षों के लिए नामित किया है। आदर्श संस्कृत महाविद्यालय केन्द्रीय शिक्षा मंत्रालय से अधिगृहित है। प्रो. त्रिपाठी को अध्यक्ष पद पर नामित होते ही वेद विभाग बीएचयू के आचार्यों ने उन्हें बधाई दी।
बीएचयू जनसम्पर्क कार्यालय के अनुसार प्रो. त्रिपाठी देश के कई विश्वविद्यालयों के सलाहकार मण्डल, कार्य-परिषद् के सदस्य के रूप में सेवायें प्रदान कर रहे हैं। विश्वविद्यालय और सामाजिक स्तर पर प्रोफेसर त्रिपाठी ने वेदों में निहित ज्ञान-विज्ञान पर आधारित शोध कार्य किया है। प्रो.त्रिपाठी के निर्देशन में वेदों में प्रायोगिक विज्ञान के विषयों पर 02 पी.डी.एफ, 10 शोध निर्देशन पूर्ण हो चुके हैं तथा 01 पी.डी.एफ. एवं 08 शोध कार्य वर्तमान में निर्देशित किया जा रहे है। संस्कृत साहित्य में वेदों में विज्ञानपरक दृष्टि रखने के कारण इन्हें वर्ष 2013 में महर्षि बादरायण राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त हुआ। साथ ही 20 से अधिक राष्ट्रीय सम्मान भी इन्हें प्राप्त है। इनके द्वारा 07 मौलिक ग्रन्थों का लेखन एवं अन्यान्य 16 ग्रन्थों एवं पत्रिकाओं का सम्पादन किया गया है। साथ ही लगभग 70 शोध पत्र राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय पत्रिकाओं में प्रकाशित हुए है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी