बीएचयू के प्रोफेसर सिद्धार्थ सिंह नव नालंदा महाविहार विश्वविद्यालय के कुलपति बने

वाराणसी,22 अक्टूबर (हि.स.)। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय पालि एवं बौद्ध अध्ययन के वरिष्ठ प्रोफेसर सिद्धार्थ सिंह को केन्द्र सरकार ने नव नालंदा महाविहार विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया है। संस्कृति मंत्रालय के तहत आने वाले विश्वविद्यालय का कुलपति बनाए जाने पर प्रो.सिंह को साथी प्रोफेसरों के साथ विभाग के छात्रों ने भी बधाई दी। बीएचयू कला संकाय में पालि और बौद्ध अध्ययन विभाग में वरिष्ठ प्रोफेसर 52 वर्षीय प्रोफेसर सिद्धार्थ सिंह वर्ष 2018 से 2022 तक भारतीय दूतावास, टोक्यो में विवेकानन्द भारतीय सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक रहे। उन्होंने जापान में भारतीय संस्कृति प्रचार-प्रसार में विशेष योगदान दिया। इसके अतिरिक्त वे पालि एवं बौद्ध अध्ययन विभाग के विभागाध्यक्ष भी रह चुके हैं।

बीएचयू जनसम्पर्क कार्यालय के अनुसार प्रो. सिद्धार्थ सिंह जापान फाउंडेशन फ़ेलोशिप, जापान (2003-04), फुलब्राइट सीनियर रिसर्च फ़ेलोशिप, यूएसए (2011-2012) और वादरायण व्यास राष्ट्रपति पुरस्कार, भारत (2005) से सम्मानित रह चुके हैं। कॉलोराडो विश्वविद्यालय(यू.एस.ए), उप्पसाला विश्वविद्यालय (स्वीडन), तोयो विश्वविद्यालय (जापान), कार्लस्टाड विश्वविद्यालय (स्वीडन) एवं हैदराबाद केन्द्रीय विश्वविद्यालय सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं में विज़िटिंग प्रोफेसर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

   

सम्बंधित खबर