हिसार : भ्रम फैला रहे कांग्रेसियों से जनता को सावधान रहने की जरूरत : मनोहर लाल

हिसार, 25 सितंबर (हि.स.)। केन्द्रीय मंत्री एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शहरवासियों से अपील की है कि वे डॉ. कमल गुप्ता को विजयी बनाकर विकास का मार्ग प्रशस्त करें। उन्होंने कहा कि डॉ. कमल गुप्ता हर समय शहर के विकास के लिए तत्पर रहते हैं।

मनोहर लाल मंगलवार रात को शहर के पटेल नगर की पंजाबी धर्मशाला, बैंक कालोनी पार्क, राजगुरु मार्किट स्थित पंजाबी धर्मशाला व सेक्टर 14 में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों को संबोधित करके डॉ. कमल गुप्ता के लिए वोटों की अपील कर रहे थे। शहर के पंजाबी समुदाय के लोगों ने उनके कार्यक्रमों में भारी संख्या में शिरकत करके अपना समर्थन व्यक्त किया। उनके साथ भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सैनी, महामंत्री आशीष जोशी, प्रवासी प्रभारी रवि नैयर, जिला उपाध्यक्ष संजीव रेवड़ी व सचिव वैभव बिदानी भी मौजूद रहे। मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस के लोग भ्रम फैला रहे हैं​ कि उनकी सरकार बन रही है, जबकि इस बात में कोई सच्चाई नहीं है।

कांग्रेस के विधायकों के सार्वजनिक हो रहे वीडियो इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस नौकरियों में कितनी पारदर्शिता रखने वाली है। मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा का इतिहास है कि जिस पार्टी की सरकार केंद्र में होती है, हरियाणा में भी उसी पार्टी की सरकार बनती है। इस समय केंद्र में भाजपा की सरकार है और अब हरियाणा में भी तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। ऐसे में किसी तरह की बातों से भ्रमित होने की जरूरत नहीं है और एकजुटता से भाजपा के पक्ष में मतदान करें। उन्होंने कहा कि हिसार से भाजपा के उम्मीदवार एवं मंत्री डॉ. कमल गुप्ता हर समय हर पल हिसार के विकास की सोच रखने वाले व्यक्ति हैं। ऐसे में उन्हें विजयी बनाना बहुत जरूरी है। विधानसभा चुनाव जिला मीडिया इंचार्ज राजेन्द्र सपड़ा ने बताया कि कार्यक्रमों का संयोजन भाजपा नेता सुभाष ​ढींगड़ा, प्रवीण पोपली, हरीश चौधरी, प्रेम चौधरी, डॉ. महेन्द्र जुनेजा, नवीन मल्होत्रा व अन्य समुदाय के गणमान्य व्यक्तियों ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

   

सम्बंधित खबर