अमृतसर: बीएसएफ ने अटारी बाघा बॉर्डर से देश को दिया योग का संदेश

वाघा-अटारी पर योग करते हुए जवान और लोग


वाघा-अटारी पर योग करते हुए जवान और लोग


अमृतसर, 21 जून । 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारत-पाकिस्तान सीमा स्थित वाघा-अटारी संयुक्त चेक पोस्ट पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने योगाभ्यास कर देशवासियों को स्वास्थ्य, अनुशासन और मानसिक संतुलन का संदेश दिया। इस अवसर पर सीमा पर विशेष योगशाला का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में बीएसएफ अधिकारियों, जवानों तथा स्थानीय लोगों ने भाग लिया।

योग सत्र की शुरुआत सुबह के समय सामूहिक प्रार्थना के साथ हुई। जवानों ने सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी और अन्य योगासन किए। कार्यक्रम का उद्देश्य जवानों को शारीरिक रूप से फिट रखने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी सशक्त बनाना था।

बीएसएफ अधिकारियों ने कहा कि सीमाओं पर चौबीसों घंटे देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के लिए योग तनाव को कम करने और मानसिक एकाग्रता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि कठिन परिस्थितियों में भी सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास बनाए रखने में मदद करता है। इस अवसर पर सीमा क्षेत्र के युवाओं ने भी योग कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

योग प्रशिक्षकों ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन और उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास कई गंभीर बीमारियों से बचाव करने के साथ-साथ जीवनशैली को बेहतर बनाने में सहायक है। बीएसएफ पंजाब फ्रंटियर के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि योग केवल एक शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि एक संपूर्ण जीवन पद्धति है। इससे अनुशासन, आत्मविश्वास और मानसिक संतुलन विकसित होता है, जो सीमा पर तैनात जवानों के लिए अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य, एक संकल्प-योग तथा योग से शक्ति, योग से सुरक्षा का संदेश भी दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि भारत की सीमाएं केवल हथियारों से ही नहीं, बल्कि अनुशासन, संयम और स्वस्थ जीवनशैली से भी मजबूत होती हैं।

कार्यक्रम के अंत में सामूहिक प्रार्थना की गई और सभी प्रतिभागियों ने नियमित रूप से योग अपनाने का संकल्प लिया। बीएसएफ अधिकारियों ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत होने के साथ-साथ विश्व शांति, स्वास्थ्य और मानव कल्याण का सार्वभौमिक माध्यम बन चुका है।----------------

   

सम्बंधित खबर