फरीदकोट के पीपली गांव में पंजाब पुलिस जवान के बेटे की बेरहमी से हत्या

- महिला समेत चार लोगों पर हत्या की साजिश रचने का मामला दर्ज

चंडीगढ़, 06 जुलाई (हि.स.)। फरीदकोट के गांव पीपली में पंजाब पुलिस के विशेष दस्ते में तैनात जवान के बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। शव एक घर के अंदर खून से लथपथ हालत में मिला। उसके हाथ, पैर और मुंह रस्सियों से बंधे हुए थे। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया है।

फरीदकोट शहर के रहने वाले पंजाब पुलिस के विशेष दस्ते में चंडीगढ़ तैनात हरनेक सिंह ने बताया कि उनके बड़े बेटे अर्शदीप ने कुछ दिन पहले फोन पर उन्हें बताया था कि हरप्रीत कौर नाम की एक महिला उसे लगातार फोन करके उस पर संबंध बनाने का दबाव डाल रही थी। हरनेक सिंह के अनुसार उनका बेटा इस बात से काफी डरा हुआ था।

बेटे की परेशानी सुनकर हरनेक सिंह छुट्टी लेकर घर पहुंचे थे। उन्होंने रविवार शाम गांव के बुजुर्गों और पूर्व सरपंच इकबाल सिंह के साथ हरप्रीत कौर के परिवार से बात कर मामला शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की योजना बनाई थी, लेकिन पंचायत के हस्तक्षेप से पहले ही यह दर्दनाक वारदात हो गई।

हरनेक सिंह कुछ समय के लिए एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे। जब वह वापस लौटे, तो अर्शदीप घर पर नहीं मिला। शक होने पर वह पूर्व सरपंच इकबाल सिंह और अन्य ग्रामीणों के साथ तुरंत पीपली गांव पहुंचे। जब वे हरप्रीत कौर के पिता चमकौर सिंह के घर के पास पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि तीन व्यक्ति घर से भाग रहे थे। उनके कपड़े खून से सने हुए थे और उनमें से एक के हाथ में कुल्हाड़ी थी।

मौके पर मौजूद लोगों ने भागने वालों की पहचान चमकौर सिंह, उसके बेटे सतनाम सिंह और दामाद सिमरजीत सिंह के रूप में की। इसके बाद जब हरनेक सिंह घर के अंदर पहुंचे तो वहां उनके बेटे अर्शदीप सिंह का शव खून से लथपथ पड़ा था। यह दृश्य देखकर परिवार सदमे में आ गया।

हरनेक सिंह की शिकायत पर पुलिस ने हरप्रीत कौर, उसके पति सिमरजीत सिंह, पिता चमकौर सिंह और भाई सतनाम सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाश शुरू कर दी है।---------------

   

सम्बंधित खबर