पंजाब में एसआईआर से पहले 90 प्रतिशत प्री-मैपिंग का लक्ष्य, 84 फीसदी कार्य पूरा
- DSS Admin
- May 25, 2026

चंडीगढ़, 25 मई । पंजाब राज्य में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) शुरू होने से पहले 90 प्रतिशत तक प्री-मैपिंग करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बताया कि अब तक राज्य में 84 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं की प्री-मैपिंग सफलतापूर्वक पूरी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के दौरान वर्ष 2003 में हुई एसआईआर को आधार बनाकर मौजूदा मतदाता सूचियों के साथ मिलान किया जा रहा है, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाया जा सके।
अनिंदिता मित्रा ने बताया कि यदि किसी मतदाता की प्री-मैपिंग नहीं हो पाती है, तो संबंधित मतदाता को बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के पास गणना फॉर्म भरकर जमा करवाना होगा। इसके बाद संबंधित मतदाता का नाम ड्राफ्ट रोल में शामिल कर लिया जाएगा। मुख्य चुनाव अधिकारी ने पंजाब के मतदाताओं से अपील की कि वे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और बीएलओ के साथ अधिक से अधिक सहयोग करें, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु और त्रुटिरहित बनाया जा सके।
---------------------------

