राहुल गांधी 21 जून को आएंगे छत्तीसगढ़, प्रशिक्षण शिविर में पदाधिकारियों से करेंगे संवाद
- DSS Admin
- Jun 20, 2026
रायपुर, 20 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के जिलाध्यक्षों के 20 से 29 जून तक अभनपुर में चलने वाले 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर में रविवार, 21 जून को राहुल गांधी मौजूद रहेंगे और सभी जिलाध्यक्षों से चर्चा करेंगे। संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस के शीर्ष नेता संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर मंथन करेंगे।
रायपुर पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने राहुल गांधी की प्रशिक्षण शिविर में रविवार को मौजूद रहने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 21 जून को दोपहर करीब 2 बजे रायपुर पहुंचेंगे और लगभग 4 घंटे शिविर में रहकर पदाधिकारियों से सीधा संवाद करेंगे। शिविर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रशिक्षण विभाग के वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने पहले दिन शिविर को संबोधित कर प्रशिक्षण की शुरुआत की है।
उन्होंने बताया है कि शिविर में प्रदेश से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ देशभर के विषयों पर भी बात होगी। इसमें नीट परीक्षा और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर भी मंथन किया जाएगा। पत्रकारों को जानकारी देते हुए पायलट ने कहा कि इस शिविर में कांग्रेस की विचारधारा, संगठन की भूमिका और मौजूदा राजनीतिक चुनौतियों पर मंथन किया जाएगा। जिलाध्यक्षों की जिम्मेदारियों को और बढ़ाया जा रहा है ताकि वे ज्यादा सक्रिय होकर काम कर सकें।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे देश के हालात, पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर लगातार चिंता जता रहे हैं। पायलट ने कहा कि देश और प्रदेश में सरकारें घमंड और अहंकार के साथ चल रही हैं। उन्होंने पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि युवाओं का भविष्य खतरे में है। आज के समय में नौजवान अपने आप को हाशिए पर महसूस कर रहे हैं और अगर यही हाल रहा तो व्यवस्था पर उनका भरोसा कमजोर हो जाएगा, जो देश के लिए गंभीर स्थिति होगी।
यह कार्यक्रम अभनपुर स्थित आशुतोष-अलका अग्रवाल मंगल भवन, चांदी मोड़ में आयोजित किया गया है।
------------

