राजस्थान के 16 जिलों में प्री-मानसून बारिश, 27 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट

जयपुर, 27 जून (हि.स.)। राजस्थान में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार सक्रिय हैं। शुक्रवार को श्रीगंगानगर, उदयपुर, अजमेर, कोटा सहित 16 जिलों में बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा नागौर जिले के डेह क्षेत्र में 60 मिमी रिकॉर्ड की गई। वहीं, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ और भीलवाड़ा के कई क्षेत्रों में एक इंच से अधिक बारिश हुई।

मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के 27 जिलों में आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

पिछले 24 घंटे में नागौर के खींवसर में 40 मिमी, प्रतापगढ़ के अरनोद में 32 मिमी, दलोत में 27 मिमी, चित्तौड़गढ़ में 28 मिमी, भीलवाड़ा के करेड़ा में 35 मिमी तथा अजमेर के किशनगढ़ में 18 मिमी बारिश मापी गई। इसके अलावा श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जयपुर, राजसमंद, झालावाड़, झुंझुनूं, बांसवाड़ा, बारां, ब्यावर, बूंदी, दौसा, कोटा और पाली के कई क्षेत्रों में भी बारिश हुई।

पश्चिमी राजस्थान में बारिश कमजोर रहने से गर्मी का असर बना रहा। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जबकि चूरू 41.9, जैसलमेर 41.5, बीकानेर 41.4 और बाड़मेर 41.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिलों में रहे।

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। इससे कई क्षेत्रों में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश का दौर बना रह सकता है।

---------------

   

सम्बंधित खबर