अखिलेश यादव अपने कंस कर्मों के प्रायश्चित को ही झेल रहे : भाजपा
- DSS Admin
- May 10, 2026
लखनऊ, 10 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने कृष्णावतारम फिल्म पर सपा मुखिया अखिलेश यादव की टिप्पणी का कड़ा जवाब दिया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव को यह अभी तक समझ में ही नहीं आ रहा है कि वे अपनी सरकार के कंस कर्मों के प्रायश्चित को ही झेल रहे हैं। वह वर्ष 2012 से 2017 के बीच अपनी सरकार में हुए कंस कर्मों के लिए जनता जनार्दन से सबक मिलने के बावजूद वह कृष्णावतरम् से शिक्षा नहीं ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि ममता को पश्चिम बंगाल की जनता जनार्दन ने अपने कंस कर्मों का प्रायश्चित करने के लिए राजसत्ता से बाहर कर मजबूर किया। अब संभवतः उन्हें अपने अंदर की बुराई के लिए प्रायश्चित करने का अवसर मिलेगा। हरीश श्रीवास्तव ने कहा कि मेरी सलाह है कि उपदेशक की भूमिका छोड़कर अखिलेश यादव को कृष्णावतारम अपनी पार्टी के नेताओं के साथ देखें और ख़ुद भी श्री के संदेश को समझें। उपदेशक की भूमिका में योगेश्वर श्री कृष्ण को ही रहने दें। लेकिन आय से अधिक संपत्ति और परिवार तक ही पार्टी और सरकार को सीमित करने वाले लोगों के मुँह से लोभ लालच और स्वार्थ पर उपदेश शोभा नहीं देता।

