डम्पर की टक्कर से बस चालक की मौत, चार यात्री गंभीर रूप से घायल
- DSS Admin
- May 28, 2026
प्रयागराज, 28 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित खीरी थाना क्षेत्र के लालतारा गांव में गुरुवार को बेकाबू डम्पर की टक्कर से प्राइवेट बस के चालक की मौत हो गई। हादसे में चार यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि हादसे में बस ड्राइवर प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र में स्थित चौकी गांव निवासी देवी प्रसाद श्रीवास्तव (55) पुत्र स्वर्गीय ज्वाला प्रसाद श्रीवास्तव की मौत हुई है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक प्राइवेट बस राजा गुरुवार को खीरी से सवारी भरकर प्रयागराज के लिए जा रही थी। रास्ते में लालतारा गांव के समीप बस में एक बेकाबू डम्पर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि चालक समेत पन्द्रह यात्री घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से गम्भीर रूप से घायल बस चालक देवी प्रसाद श्रीवास्तव को स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय के लिए भेज दिया। लेकिन उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। शव को चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि इस हादसे में गंभीर रूप से घायल चार लोगों की पुष्टि पुलिस ने किया है। अन्य यात्री प्राथमिक उपचार के बाद चले गए।
---------------

