सीवान, 15 मई (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल की क्राइम प्रिवेंशन एंड डिटेक्शन स्क्वॉड टीम एवं जीआरपी सीवान ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सीवान पश्चिमी रेलवे यार्ड से भारी मात्रा में देशी शराब बरामद की है। बरामद शराब को अग्रिम कार्रवाई के लिए जीआरपी सीवान को सौंप दिया गया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी के निर्देश तथा सहायक सुरक्षा आयुक्त छपरा के आदेश पर निरीक्षक ट्रेन स्कॉर्ट गोरखपुर एवं प्रभारी निरीक्षक सीवान के नेतृत्व में क्राइम प्रिवेंशन एंड डिटेक्शन स्क्वॉड टीम द्वारा सीवान पश्चिमी यार्ड किलोमीटर संख्या 387/00 के पास आपराधिक गतिविधियों की निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान टीम को एक लावारिस पिठू बैग संदिग्ध अवस्था में मिला।
तलाशी लेने पर बैग से 85 बोतल “बंटी बबली लाइम” देशी शराब बरामद की गई। प्रत्येक बोतल में 200 एमएल शराब थी। जब्त शराब की कुल मात्रा 17 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 4,675 रुपये आंकी गई है।
इस मामले में जीआरपी सीवान में अज्ञात के खिलाफ कांड संख्या 75/26 दर्ज किया गया है। मामला बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत दर्ज किया गया है। मामले की जांच सब इंस्पेक्टर नकुल मरांडी कर रहे हैं।
कार्रवाई में सब इंस्पेक्टर शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, सब इंस्पेक्टर छोटे लाल सिंह यादव, कांस्टेबल विजय कुमार यादव, बलवीर यादव, विनोद कुमार वर्मा एवं इंद्रजीत यादव शामिल रहे।

