विश्व को निरंतर नवचेतना देती है सनातन संस्कृति -मुरलीधर

स्वाभिमान पूर्ण समाज खड़ा करना हमारा संकल्प, आरएसएस का समन्वय रक्षाबंधन उत्सव संपन्न

कोटा, 22 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का समन्वय रक्षाबंधन उत्सव जवाहर नगर स्थित एलन सत्यार्थ भवन में सम्पन्न हुआ।

समारोह में मुख्य वक्ता आरएसएस के प्रांत प्रचारक मुरलीधर, ने कहा कि सनातन संस्कृति विश्व को नित्य निरंतर नवीन चेतना देने वाली रही है। संघ की शाखा में योग्य नागरिकों का निर्माण हो रहा है। इस वर्ष विजयादशमी से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ शताब्दी वर्ष मनाएगा। अब हमें समाजव्यापी काम खड़ा करने की जरूरत है। हमारा काम केवल संघ की शाखा तक सीमित नहीं है। हमें जन-जन तक संघ को पहुंचना होगा। समाज परिवर्तन की दिशा में हमें आगे बढ़ना होगा। हमारे स्वत्व का नाश करने के लिए विश्व भर में अनेक षड्यंत्र किए गए। इस कारण भारत की भूमि 83 लाख वर्गकिमी से घटकर आज 33 लाख वर्ग किमी रह गई है।

उन्होंने कहा कि जन-जन में स्व की रक्षा का भाव जगाना आवश्यक है। उत्सवों पर स्वभाषा, स्व परंपरा, स्वभूषा, स्व खान-पान और स्व ज्ञान की रक्षा के साथ समाज रक्षा और पर्यावरण रक्षा का संकल्प हमें करना होगा। स्वाभिमान से परिपूर्ण समाज खड़ा करना हमारा संकल्प है। हम ज्ञान, विज्ञान, तकनीक में सर्वश्रेष्ठ रहे हैं। प्रकृति की रक्षा का संस्कार केवल सनातन में है। हम दुनिया को अपनी ज्ञान और परंपरा से श्रेष्ठ बनाने के लिए निकले थे। हमने तलवार के दम पर किसी देश पर अतिक्रमण नहीं किया। आज इसी ज्ञान और परंपरा का आधार लेकर भारत का विश्व गुरु होना विश्व की नियति बन चुका है। भारत विश्व की आशा का केंद्र है और भारत में जन-जन की आशा का केंद्र राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ है। संघ साधना सारा देश चाहता है। सनातन विचार ही विश्व में मानवता को बचा सकता है। इसके लिए कृणवंतो विश्वमार्यम के मंत्र का घोष करते हुए दुनिया को फिर से श्रेष्ठ बनाने के लिए निकलना होगा।

भारतीय शिक्षा और सोच को आगे बढ़ाने की जरूरत

मुख्य अतिथि वर्धमान खुला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कैलाश सोडानी ने कहा कि भारतीय संस्कृति का कमाल है कि एक धागे में भी वह ताकत है जो किसी में नहीं है। भारत के विरुद्ध आज विश्व व्यापी अभियान चल रहा है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अपने 100 वर्ष में हिंदुओं को जागृत करने का काम किया है। दुर्भाग्यवश भारत की सीमा घटती गई। आज भारतीय संस्कृति, भारतीय शिक्षा और सोच को आगे बढ़ाने की जरूरत है। शिक्षा में राष्ट्र वंदना का पाठ जोड़ने की जरूरत है।

कोटा की कचौरी दुनिया के पिज्जा से बेहतर

कुलपति सोडानी ने कहा कि विदेशी को श्रेष्ठ मानने का भाव हमें मन से निकालना होगा। आज कोटा की कचोरी भी दुनिया के किसी अच्छे पिज्जा से श्रेष्ठ है। हमारा आयुर्वेद एलोपैथी से कईं बेहतर है, यह भाव होना चाहिए। इस दौरान भावगीत ‘‘राष्ट्र रक्षा हित मनाएं आओ हम सब रक्षाबंधन...‘‘ की प्रस्तुति दी गई। विभाग संघचालक पन्नालाल शर्मा तथा महानगर संघचालक गोपाल गर्ग भी मंचासीन रहे। कार्यक्रम के पश्चात सभी ने परस्पर रक्षा सूत्र बांधे

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द / ईश्वर

   

सम्बंधित खबर