आरटीओ कर्मियों की हड़ताल, परिवहन क्षेत्र को भारी परेशानी
- DSS Admin
- Jun 17, 2026
मुंबई, 17 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र भर में आरटीओ कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। इससे आवश्यक जनसेवाएं प्रभावित हुई हैं। आम जनता और परिवहन क्षेत्र को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. इस हड़ताल को लेकर ट्रांसपोर्टरों ने राज्य सरकार से जल्द से जल्द आरटीओ कर्मियों की समस्याओं का सामाधान निकालने की मांग की है।
ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के सलाहकार बल मलकीत सिंह के अनुसार इस अनिश्चित काल हड़ताल के कारण नए वाहन पंजीकरण नंबरों के आवंटन, वाहन स्वामित्व हस्तांतरण, हाइपोथिकेशन रद्दीकरण, ड्राइविंग लाइसेंस नवीनीकरण, परमिट नवीनीकरण, अन्य राज्यों के लिए एनओसी जारी करना, विभिन्न दस्तावेजों का सत्यापन व अन्य कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इससे मालवाहक वाहनों के मालिकों और चालकों की परेशानियां बढ़ गई हैं। हड़ताल के चलते राज्यभर के आरटीओ कार्यालयों में सन्नाटा पसरा हुआ है। नियमित प्रशासनिक कार्य लगभग ठप हो गए हैं। इससे व्यापारिक गतिविधियों में विलंब हो रहा है। परिवहन क्षेत्र इस स्थिति से सबसे अधिक प्रभावित हुआ है।
बल मलकीत सिंह ने कहा कि हम महाराष्ट्र सरकार और कर्मचारी संगठनों से अनुरोध करते हैं कि वे आपसी संवाद के माध्यम से शीघ्र समाधान निकालें, ताकि जनहित में आरटीओ सेवाएं जल्द से जल्द सामान्य हो सकें।
---------------

