
पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में लगी गोली
हत्या, लूट और फिरौती समेत 22 मामले दर्ज
रेवाड़ी, 03 जुलाई । जिले के जड़थल गांव के पास गुरुवार देर रात पुलिस और दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में एक गोली सब इंस्पेक्टर फखरूद्दीन की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बच गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों बदमाशों के पैरों में गोली मारकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
घायल आरोपियों की पहचान रेवाड़ी के बोलनी निवासी मोहन और राजस्थान के खुशखेड़ा निवासी गोविंद के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए रेवाड़ी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियाें पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, फिरौती और चोरी समेत करीब 22 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार धारूहेड़ा क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना मिली थी कि 28 जून को बखापुर गांव में हुई फायरिंग के आरोपी कच्चे रास्ते से जड़थल की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच प्रभारी योगेश ने टीम के साथ नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक वहां पहुंचे।
पुलिस ने दोनों को रुकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। एक गोली सब इंस्पेक्टर फखरूद्दीन की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी और वे मौके पर ही घायल होकर गिर पड़े। पुलिस ने तुरंत दोनों को हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही डीएसपी क्राइम सुरेंद्र श्योराण, शहर थाना प्रभारी सूबे सिंह तथा गोकलगेट चौकी प्रभारी नरेश पुलिस टीम के साथ ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि दोनों आरोपियाें का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और उनसे पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
---------------

