मुर्गियां लेकर नारनौल से रेवाड़ी आ रहे थे दोनों युवक, पुलिस ने शुरू की जांच
रेवाड़ी, 13 मई (हि.स.)। जिले के गांव माजरा के समीप मंगलवार रात को तेज रफ्तार ट्रक और कैंटर की भिड़ंत में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान के गांव भैंसावता खुर्द निवासी करीब 23 वर्षीय मुकेश तथा करीब 27 वर्षीय मुकेश कैंटर में मुर्गियां भरकर नारनौल की ओर से रेवाड़ी आ रहे थे। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात जब उनका कैंटर गांव माजरा के समीप पहुंचा तो पीछे से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कैंटर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कैंटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को रेवाड़ी के अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।
---------------

