रेवाड़ी : बिजली-पानी संकट पर फूटा गुस्सा लगाया जाम, अधिकारियों के आश्वासन के बाद खुला मार्ग
- Vijesh Sharma
- Jun 29, 2026

ग्रामीणों ने भारी वाहनों के आवागमन पर भी जताया विरोध
रेवाड़ी, 29 जून । जिले के गांव गढ़ी बोलनी में बिजली और पानी की लगातार बनी समस्या से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार सुबह रेवाड़ी-कोटकासिम मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने गांव से होकर गुजर रहे भारी वाहनों के आवागमन का भी विरोध किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण विभागीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
ग्रामीणों का आरोप था कि गांव की राजनीतिक खींचतान के कारण उन्हें भीषण गर्मी में पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है। उनका कहना है कि पिछले करीब 10 दिनों से गांव में पानी की नियमित आपूर्ति नहीं हो रही, जबकि बिजली के अघोषित कटों ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले भी मंत्री के नाम शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला।
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि फोरलेन परियोजना के तहत करीब छह माह पहले सड़क की खुदाई की गई थी। अब सड़क को डबल करने का कार्य धीमी गति से चल रहा है, जिसके कारण भारी वाहन गांव के भीतर से गुजर रहे हैं। इससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने हाल ही में डंपर की चपेट में आई एक बुजुर्ग महिला की मौत का भी उल्लेख करते हुए प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।
जाम की सूचना के बाद जनस्वास्थ्य विभाग और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ ने पाइपलाइन की जांच कर जल्द जलापूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया। अधिकारियों के भरोसे के बाद करीब तीन घंटे से लगा जाम समाप्त कराया गया और यातायात सामान्य हो सका। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वे भविष्य में और बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

