प्लांट में मौजूद 30 कर्मचारियों ने भागकर बचाई जान, दो कर्मचारी झुलसे
रेवाड़ी, 19 मई (हि.स.)। रेवाड़ी जिले के बावल औद्योगिक क्षेत्र स्थित जीएलएस कंपनी में मंगलवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने के कुछ ही मिनटों बाद कंपनी परिसर से जोरदार धमाकों की आवाजें आने लगीं, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय कंपनी का प्लांट चालू था और सुबह की शिफ्ट में करीब 30 कर्मचारी अंदर काम कर रहे थे। आग और धमाकों के बीच कर्मचारियों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही रेवाड़ी, बावल और मानेसर से 10 से अधिक दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग की भयावहता को देखते हुए प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र को खाली करवाया। मौके पर बावल एसडीएम, पुलिस अधिकारी और भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार हादसे में दो कर्मचारी घायल हुए हैं। दोनों के हाथ और पैर आग की चपेट में आने से झुलस गए। उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि जीएलएस कंपनी में इंक और एल्यूमिनियम फॉयल का निर्माण किया जाता है। कंपनी का कारोबार भारत सहित कई देशों में फैला हुआ है। फैक्ट्री परिसर में रखे ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या केमिकल रिएक्शन की जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। बावल एसडीएम ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है और स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों की भी जांच की जाएगी, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।
---------------

