राहुल गांधी के दौरे की तैयारियों में जुटी कांग्रेस, गोदियाल ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

पौड़ी गढ़वाल, 27 मई (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन सक्रिय हो गया है। बुधवार को कांग्रेस प्रदेश गणेश गोदियाल जिला मुख्यालय पौड़ी पहुंचे और कंडोलिया खेल मैदान का निरीक्षण कर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।

उन्होंने बताया कि राहुल गांधी पौड़ी में पूर्व सैनिकों से संवाद करेंगे। इसके लिए पार्टी स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा ऐतिहासिक रहेगा और इससे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कंडोलिया खेल मैदान में चल रहे सुधारीकरण कार्य को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। इसके बाद सर्किट हाउस में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियां तय कीं।

उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस पूरी तरह तैयार है। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटें। प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार के भीतर गुटबाजी और भ्रष्टाचार के मुद्दे अब खुलकर सामने आने लगे हैं। वहीं सोशल मीडिया पर भाजपा की पूर्व जिलाध्यक्ष द्वारा की गई पोस्ट को लेकर उन्होंने कहा कि मामले में पुलिस को शिकायत दी गई है और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

बैठक में कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता राजेश चमोली, एआईसीसी सदस्य राजपाल बिष्ट, प्रदेश महासचिव कविंद्र ईष्टवाल, जिलाध्यक्ष विनोद नेगी, कुलदीप रावत, महादेव बहुगुणा, निशांत कंडारी, यशोदा नेगी, भरत सिंह रावत, अरुणा कुमार, वीर प्रताप सिंह आर्य, जगदीश चंद्रा और प्रमोद मंद्रवाल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

   

सम्बंधित खबर