टिकट दलाली के आरोप में एक गिरफ्तार, तत्काल टिकट व नकदी बरामद

पश्चिम मेदिनीपुर, 10 जून (हि. स.)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) मेदिनीपुर ने टिकट दलाली के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। रेलवे की ओर से बुधवार शाम छह बजे जारी प्रेस विज्ञप्ति में इसकी जानकारी दी गई। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान पीयूष सेन (39) के रूप में हुई है, जो पश्चिम मेदिनीपुर जिले के तोरापाड़ा क्षेत्र का निवासी है।

विज्ञप्ति के अनुसार, वास्तविक यात्रियों को पारदर्शी ढंग से टिकट उपलब्ध कराने तथा टिकटों की अवैध दलाली पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से मेदिनीपुर पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (पीआरएस) केंद्र में विशेष सतर्कता जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और विश्वसनीय सूचना के आधार पर आरपीएफ ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया।

पूछताछ में उसने व्यक्तिगत आर्थिक लाभ के लिए रेलवे टिकटों की अवैध खरीद-बिक्री में संलिप्त होने की बात स्वीकार की।

आरपीएफ ने उसके कब्जे से ट्रेन संख्या 22831 का तीन हजार नौ सौ 40 रुपये मूल्य का एक तत्काल स्लीपर टिकट, दो भरे हुए आरक्षण फॉर्म तथा 160 रुपये नकद बरामद किए हैं।

रेलवे अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायिक रेलवे मजिस्ट्रेट (जेआरएम), खड़गपुर की अदालत में पेश किया जाएगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर