जयपुर सहित 13 शहराें में बारिश, वनस्थली में 65 मिलीमीटर बारिश, बीकानेर में गिरे ओले
- DSS Admin
- Jun 06, 2026
जयपुर, 06 जून (हि.स.)। राजस्थान में पश्चिम विक्षाेभ के असर से आंधी-बारिश का दाैर लगातार बना हुआ है। शनिवार काे जयपुर सहित करीब 13 शहराें में बारिश हुई। सबसे ज्यादा ढाई इंच बारिश वनस्थली में दर्ज की गई।
बीकानेर के लूणकरणसर में शनिवार दोपहर तेज बारिश के साथ ओले गिरे। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बहरोड़ में शनिवार दोपहर 3:40 बजे मौसम बदला और तेज हवा के साथ बारिश हुई।
माैसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के ऊपर बने परिसंचरण तंत्र के प्रभाव से कुछ भागों में आंधी बारिश की गतिविधियां आगामी 2 दिन जारी रहने की संभावना है। तत्पश्चात पूर्वी राजस्थान में छुटपुट स्थानों पर मध्यम दर्जे का मेघगर्जन, हल्की बारिश की संभावना है। आंधी बारिश की गतिविधियों में 8 जून से कमी होने तथा तापमान में 2-3 डिग्री बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है।
पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में 8 से 11 जून के दौरान कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान 44-46 डिग्री से. दर्ज होने व कहीं-कहीं हीटवेव चलने की संभावना है। शुक्रवार काे राज्य में कहीं-कहीं पर हल्की वर्षा दर्ज की गई। सर्वाधिक वर्षा डूंगरगढ़ (बीकानेर) व डग (झालवाड़) में 14.0 मिलीमीटर दर्ज की गई । निम्नतम न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस वनस्थली (टोंक) में दर्ज किया गया | गंगानगर प्रदेश् में सबसे गर्म रहा।
---------------

