उत्तर बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी, मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया
- Admin Admin
- Oct 31, 2025
कोलकाता, 31 अक्टूबर (हि.स.)। आंध्र प्रदेश तट पर चक्रवात ‘मोंथा’ के कमजोर होकर निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने के बाद, उसके प्रभाव से उत्तर बंगाल में शुक्रवार को भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। इसको लेकर भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने उत्तर बंगाल के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि हालांकि चक्रवात ‘मोंथा’ की तीव्रता काफी कम हो चुकी है, लेकिन उसके अवशेष अब भी पूर्वी भारत के मौसम को प्रभावित कर रहे हैं।
अधिकारी के अनुसार, “चक्रवात मोंथा दक्षिण छत्तीसगढ़ से उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए पूर्व विदर्भ और उससे सटे दक्षिण छत्तीसगढ़ क्षेत्र में एक स्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र में तब्दील हो गया है। अगले 24 घंटों में यह और उत्तर की ओर बढ़ेगा और धीरे-धीरे सामान्य निम्न दबाव प्रणाली में परिवर्तित हो जाएगा।”
इस प्रभाव के कारण शुक्रवार को दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जिलों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना है, जिसके लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। जलपाईगुड़ी जिले के कुछ हिस्सों में अत्यधिक वर्षा की संभावना जताई गई है, जबकि कूचबिहार और उत्तर दिनाजपुर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
दक्षिण दिनाजपुर और मालदा जिलों में भी गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार से वर्षा की तीव्रता में कमी आएगी और भारी वर्षा केवल अलीपुरद्वार और कूचबिहार के कुछ हिस्सों तक सीमित रहेगी। हालांकि उत्तर बंगाल में रविवार तक गरज-चमक के साथ छिटपुट वर्षा जारी रह सकती है, जिसके बाद सोमवार से मौसम शुष्क होने की संभावना है।
दक्षिण बंगाल में शुक्रवार को बीरभूम और मुर्शिदाबाद जिलों में बिखरी हुई हल्की वर्षा हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ गरज-चमक की संभावना है। शनिवार को उत्तर व दक्षिण 24 परगना, पूर्व मिदनापुर और नदिया के कुछ हिस्सों में भी वर्षा हो सकती है। विभाग के अनुसार, रविवार के बाद दक्षिण बंगाल में वर्षा की कोई संभावना नहीं है।
इससे पहले उत्तर बंगाल के कई जिलों में हुई भारी वर्षा से बाढ़ जैसे हालात बन गए थे, जिससे जनजीवन और संचार व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई थी।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर



