हाईवे पर पुलिस-तस्करों के बीच मुठभेड़, 288 किलो डोडा पोस्त से भरी स्कॉर्पियो जब्त; फायरिंग कर फरार हुए तस्कर

बालोतरा, 23 जून (हि.स.)। राजस्थान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और बालोतरा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बालोतरा से जालोर के सांचौर ले जाए जा रहे भारी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त जब्त किया है। पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन से 288 किलो 885 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद कर तस्करी में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया है। हालांकि तस्कर पुलिस पर फायरिंग करते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, एएनटीएफ को पुख्ता सूचना मिली थी कि काले रंग की एक स्कॉर्पियो में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ भरकर बालोतरा से सांचौर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर एएनटीएफ और बालोतरा पुलिस की टीम ने सिणधरी थाना क्षेत्र के पायला कलां के पास मेगा हाईवे पर नाकाबंदी कर दी।

नाकाबंदी के दौरान मुखबिर के बताए अनुसार एक काले रंग की स्कॉर्पियो आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार और बढ़ा दी। इस पर पुलिस ने स्टॉप स्टिक का उपयोग कर स्कॉर्पियो के टायर पंचर कर दिए। टायर फटने के बावजूद तस्कर नहीं रुके और तीन पहियों पर ही करीब एक किलोमीटर तक वाहन दौड़ाते रहे।

पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने लगातार उनका पीछा किया। आगे जाकर स्कॉर्पियो रुकने पर उसमें सवार आरोपी उतरकर जंगल की ओर भागने लगे।

पुलिस टीम ने जब उनका पीछा किया तो तस्करों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग करते हुए आरोपी नदी के बहाव क्षेत्र में उगे कंटीले बबूलों की आड़ लेकर मौके से फरार हो गए। तस्करों के फरार होने के बाद पुलिस ने लावारिस पड़ी स्कॉर्पियो की तलाशी ली, जिसमें 15 कट्टों में भरा 288 किलो 885 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ।

पुलिस ने मादक पदार्थ और स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार तस्करों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है तथा इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर