राजस्थान पुलिस के संडे ऑन साइकिल अभियान में बीस हजार से अधिक लोगों ने लिया भाग
- DSS Admin
- Jun 07, 2026

जयपुर, 07 जून (हि.स.)। भारत सरकार के फिट इंडिया मूवमेंट के तहत और पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार रविवार को प्रदेशभर में राजस्थान पुलिस द्वारा ‘संडे ऑन साइकिल’ एवं योग कार्यक्रम का व्यापक आयोजन किया गया। राज्य की 87 पुलिस यूनिटों, जिला पुलिस, पुलिस लाइनों, प्रशिक्षण संस्थानों और राजस्थान आर्म्ड बटालियनों में आयोजित इस अभियान में करीब 20 हजार पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (आर्म्ड बटालियन) रूपेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिसकर्मियों और आमजन में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना, फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना रहा।
इस अभियान के तहत प्रदेशभर में साइकिल रैलियों के साथ योग, जुम्बा, रोप स्किपिंग एवं अन्य फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने नियमित व्यायाम, स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान सुबह का एक सकारात्मक विचार आपका पूरा दिन बदल सकता है और अवसर नहीं होते, आप उन्हें बनाते हैं जैसे प्रेरक संदेश भी दिए गए।
राजस्थान पुलिस ने इस अभियान के माध्यम से साइकिलिंग को एक टिकाऊ, समावेशी और पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली के रूप में बढ़ावा दिया। अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए विभिन्न जिलों में सोशल मीडिया, बैनर और जनसंपर्क गतिविधियों के जरिए सीएलजी सदस्यों, ग्राम रक्षकों, पुलिस मित्रों, सुरक्षा सखियों तथा आम नागरिकों को जोड़ा गया। बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने भी भागीदारी निभाई।
एडीजी रूपेंद्र सिंह ने कहा कि साइकिलिंग और नियमित व्यायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है। इससे पुलिस और समाज के बीच संवाद, विश्वास और सहभागिता भी मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि यह पहल स्वस्थ, जागरूक और पर्यावरण-संवेदनशील समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
---------------

