यमुनानगर: रादौर नगर पालिका में भाजपा के रजनीश मेहता ने अध्यक्ष पद जीता

यमुनानगर, 12 मार्च (हि.स.)। रादौर नगरपालिका चुनाव में भाजपा ने परचम लहराया है। भाजपा प्रत्याशी रजनीश मेहता शालू ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी निर्दलीय प्रत्याशी दिलीप कुमार को 546 वोट के अंतर से हराया। भाजपा प्रत्याशी रजनीश मेहता शालू को 3659 वोट मिले। आजाद प्रत्याशी दलीप कुमार को 3113 वोट मिले। वहीं 14 वार्डों के पार्षद चुनाव की मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए गए। वार्डों के चुनाव में किसी भी राजनैतिक पार्टी ने पार्टी के चुनाव निशान पर चुनाव नहीं लड़ा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांटकर खुशी मनाई।

नगर पालिका रादौर के अध्यक्ष और 14 वार्डों के पार्षदों के मतगणना के बाद बुधवार को परिणाम घोषित किए गए। जिसमें अध्यक्ष पद के भाजपा प्रत्याशी रजनीश मेहता शालू ने अपने आजाद प्रतिद्वंदी प्रत्याशी दिलीप कुमार को 546 मतों से हराकर कमल खिलाया।

नगर पालिका रादौर के नवनियुक्त अध्यक्ष रजनीश मेहता ने कहा कि यह जीत केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की विकासकारी नीतियों की जीत है। जिस पर जनता ने अपनी मोहर लगाई है। उन्होंने कहा कि रादौर खंड के विकास कार्यों को तिहरे गति से करवाएंगे और आमजन की समस्याओं का तत्परता से समाधान करेंगे। इस मौके पर कार्यकर्ताओं के लड्डू बांटकर मुंह मीठा करवाकर जीत की खुशी मनाई।

वहीं नगर पालिका रादौर के 14 वार्डों के पार्षद चुनाव के परिणाम भी घोषित किए गए। वार्डों के चुनाव में किसी भी पार्टी ने अपने पार्टी चुनाव निशान पर चुनाव नहीं लड़ा। वार्ड नंबर एक से संदीप 15 मतों से, वार्ड नंबर दो से राजीव आर्य 86 मतों से, वार्ड नंबर तीन से श्रीकांत 177 मतों से, वार्ड नंबर चार से जसवंत सिंह 33 मतों से, वार्ड नंबर पांच से बबली देवी 98 मतों से, वार्ड नंबर छह से भगारदयाल 24 मतों से, दलजीत कौर सात मतों से, वार्ड नंबर आठ से विनीश कुमार 102 मतों से, वार्ड नंबर नौ से रविन्द्र कुमार तीन मतों से, वार्ड नंबर दस से बेअंत कौर 98 मतों से, वार्ड नंबर 11 से रितु रानी 556 मतों से, वार्ड नंबर 12 से सुशील कुमार 12 मतों से, वार्ड नंबर 13 से ऋषिपाल 272 मतों से और वार्ड नंबर 14 स्मृति 32 मतों से विजयी घोषित हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / अवतार सिंह चुग

   

सम्बंधित खबर