चंडीगढ़, 22 मई । हरभजन सिंह ने आम आदमी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पंजाब में राज्यसभा सीटें “बेची गईं”। उन्होंने कहा कि समय आने पर वे इस पूरे मामले के सबूत भी सार्वजनिक करेंगे।
हरभजन सिंह ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आलोचकों को जवाब देते हुए लिखा कि जो लोग उन्हें “गद्दार” कह रहे हैं, वे पहले अपनी पार्टी से पूछें कि राज्यसभा सीटें किस कीमत पर दी गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों को मंत्री पद तक “साजिश के तहत” पहुंचाया गया और पंजाब को नुकसान पहुंचाया गया।
भज्जी ने कहा, “अगर वे नहीं बताएंगे तो मैं बताऊंगा कि किसने कितनी रिश्वत ली और किससे ली। कैसे किसी को मंत्री बनाया गया और कैसे पंजाब को लूटने के लिए मोहरा बनाया गया।” गौरतलब है कि हरभजन सिंह उन सात राज्यसभा सांसदों में शामिल हैं, जो आम आदमी पार्टी छोड़कर पिछले महीने भाजपा में शामिल हुए थे। इसके बाद से आप कार्यकर्ताओं द्वारा उनके जालंधर स्थित घर के बाहर प्रदर्शन किए गए और दीवारों पर ‘गद्दार’ तक लिखा गया।
यह विवाद उस समय और बढ़ गया जब आप के एक नेता ने सोशल मीडिया पर हरभजन सिंह को निशाने पर लेते हुए पूछा कि यदि उन्हें पार्टी से शिकायत थी तो उन्होंने राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा क्यों नहीं दिया।

