कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली कल, तैयारियां अंतिम चरणा में

जयपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। जयपुर के रामलीला मैदान में 28 अप्रेल को होने वाली कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की संविधान बचाओं रैली होगी। रैली को संबोधित करने के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों से भी सीधा संवाद करेंगे। इस संबंध में रविवार को तोतूका भवन में बुलाई गई है। इसमें प्रदेश पदाधिकारी, विधायक, सांसद, सांसद प्रत्याशी और विधायक प्रत्याशी शामिल हुए। बैठक में संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा हुई। साथ ही ग्रास रूट लेवल पर संगठन को लेकर हुए काम का फीडबैक लिया गया।

दरअसल, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे ने इस साल को संगठन का वर्ष करार दिया है. इसके तहत वार्ड से लेकर प्रदेश लेवल तक संगठन को मजबूत करने का काम चल रहा है। पार्टी के संगठन महामंत्री ललित तूनवाल ने बताया कि खड़गे के साथ पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल सहित कई अन्य नेता भी आएंगे।

बैठक में विधायक रफीक खान, अमीन कागजी, पूर्व मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास सहित अन्य नेता मौजूद रहे । प्रदेश संगठन महामंत्री तूनवाल ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष खड़गे जनवरी से लेकर अप्रेल तक चार माह में जिलों में संगठन को मजबूत करने के लिए किए गए कार्यों की जानकारी लेंगे। साथ ही पार्टी की ओर से आने वाले समय में प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारी का फीडबैक लिया जाएगा। बूथ स्तर पर बूथ कार्यकारिणी, मंडल कार्यकारिणी को लेकर भी चर्चा होगी।

अग्रिम संगठनों को मिला भीड़ जुटाने का टारगेट

रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली रैली के लिए कांग्रेस ने पार्टी के अग्रिम संगठन एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और सेवादल को भी भीड़ जुटाने के लिए अलग-अलग टारगेट दिए गए हैं। युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष और विधायक अभिमन्यु पूनिया ने बताया कि राजस्थान से 2000 के लगभग युवा कांग्रेस कार्यकर्ता रैली में शामिल होंगे। इनमें प्रदेश कार्यकारिणी, जिला कार्यकारिणी और विधानसभा स्तर के पदाधिकारियों को आने के निर्देश दिए गए हैं।

महिलाओं की भी रहेगी भागीदारी

महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष सारिका चौधरी ने बताया कि रैली में महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी होगी. प्रदेश भर में ज्यादा से ज्यादा तादाद में महिलाओं को लाने का लक्ष्य रखा गया है। खास तौर पर जयपुर और उसके आसपास के जिलों से ज्यादा संख्या में महिलाएं आएंगी. महिलाओं के आने-जाने के लिए वाहनों की व्यवस्था की गई है। साथ ही उनके खान-पान और पानी की व्यवस्था भी रखी गई है।

राहुल गांधी का दौरा फाइनल नहीं

संविधान बचाओ रैली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के आने की भी चर्चा है, हालांकि अभी तक उनका दौरा फाइनल नहीं हुआ है। प्रदेश कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ऑफिस के संपर्क में हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

   

सम्बंधित खबर