नेशनल डेंगू डे पर रैली निकालकर स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
- DSS Admin
- May 16, 2026
जोधपुर, 16 मई (हि.स.)। नेशनल डेंगू डे के अवसर पर सीएमएचओ डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत की अध्यक्षता में आज शहर में व्यापक डेंगू जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत आमजन को डेंगू रोग से बचाव, साफ-सफाई एवं मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के प्रति जागरूक करने डेंगू जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
रैली को उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेंद्र कच्छवाहा एवं आरसीएचओ डॉ. रूपेंद्र सिंह राठौड़ द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, चिकित्सा कार्मिकों एवं एएनएमटीसी की छात्राओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संदेशों से युक्त पोस्टर, बैनर एवं स्लोगन लेकर शहर के विभिन्न मार्गों से रैली निकालते हुए आमजन को डेंगू के प्रति जागरूक किया।
रैली के दौरान लोगों को अपने घरों एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया। आमजन को कूलर, गमले, टायर, पानी की टंकियों एवं अन्य स्थानों पर जमा पानी को नियमित रूप से खाली करने तथा पूरी बाजू के कपड़े पहनने एवं मच्छरदानी का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

