रानी बाग इलाके में कार में संदिग्ध हालत में मिला युवक, अस्पताल में मौत

नई दिल्ली, 17 मई (हि.स.)। बाहरी जिले के रानी बाग इलाके में जहरीला पदार्थ खाने के बाद एक युवक की मौत हो गई। पुलिस को युवक संदिग्ध हालत में कार के पास मिला था। उसकी हालत बिगड़ने पर पुलिस ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार तड़के रानी बाग थाना क्षेत्र में रामादा होटल के पास दीपाली चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर हेड कांस्टेबल रामबीर और कांस्टेबल अमर गश्त पर थे। इसी दौरान कार के पास खड़े एक व्यक्ति ने पुलिसकर्मियों को रुकने का इशारा किया।पुलिसकर्मियों ने देखा कि व्यक्ति काफी नशे की हालत में था और वाहन चलाने की स्थिति में नहीं था। मानवता के आधार पर और उसकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस उसे रानी बाग थाने ले आई। थाने पहुंचने पर युवक ने ड्यूटी ऑफिसर को बताया कि उसने “सल्फास” नामक जहरीला पदार्थ खा लिया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत उसे भगवान महावीर अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में युवक की पहचान रोहिणी सेक्टर-4 निवासी 34 वर्षीय बृजकेश दत्त मिश्रा के रूप में हुई। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना अस्पताल से रानी बाग थाने को दी गई, जिसके बाद जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान क्राइम टीम और एफएसएल ने मौके का निरीक्षण किया। वहां से सेल्फॉस के दो पैकट, शराब की एक बोतल, मृतक के पते वाला एक कूरियर पैकेट और अन्य सामान बरामद किया गया। कूरियर पैकेट में सेल्फॉस के खाली पैकेट मिले हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि जहरीला पदार्थ मृतक के पते पर मंगवाया गया था। इसके बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद डॉक्टरों द्वारा दिए गए विसरा को जांच के लिए जब्त कर लिया गया। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में बीएनएसएस की धारा 194 के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। मौत के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।

---------------

   

सम्बंधित खबर