
जींद, 10 अप्रैल (हि.स.)। जींद व आसपास के इलाकों में गुरूवार को अचानक से मौसम परिवर्तनशील हुआ और तेज हवा के साथ हलकी बारिश हुई। जिसके चलते दोपहर बाद मौसम सुहाना बन गया। आज यहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम में आद्रता 44 प्रतिशत तथा हवा की गति 18 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को आकाश में बादलवाई बनी रहेगी। तापमान में भी गिरावट आएगी। तापमान चालीस डिग्री को छूने लगा था। जनजीवन पर असर साफ देखने को मिलने लगा था। वीरवार को दिन का आगाज तेज धूप तथा साफ मौसम के साथ हुआ। दोपहर तक मौसम का मिजाज काफी गर्म हो गया। दोपहर बाद मौसम ने करवट ली। आकाश में धूल का गुम्बार दिखाई दिया। कुछ समय के बाद धूल भरी आंधी चलने लगी। जिसके साथ आकाश में बादल छा गए और बारिश शुरू हो गई। जिसने आंधी तथा गर्मी से कुछ राहत दिलाई।
बारिश ज्यादा देर तक जारी नही रही, आकाश मे बादलवाई बनी रही और मौसम भी सुहाना बना रहा। बादलों के छाने से बारिश के भी आसार बने रहे। वहीं किसानों का कहना है कि गेहूं पकाव की तरफ और इस समय बारिश की आवश्यकता नही है। अगर बारिश हुई तो गेहूं फसल सूखने को टाइम लग जाएगा।
मौसम वैज्ञानिक डा. राजेश ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते मौसम ने करवट ली है। अगले 24 घंटों के दौरान आकाश में बादलवाई के साथ बूंदाबांदी की संभावना है। तापमान में भी गिरावट आएगी। किसान मौसम को ध्यान मे रख कर कृषि कार्य करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा