झज्जर : ताऊ देवीलाल आज भी जनता के दिलों में बसते हैं: शीला नफे सिंह राठी
- Admin Admin
- Apr 06, 2025

झज्जर, 6 अप्रैल (हि.स.)। पूर्व उप प्रधानमंत्री ताऊ देवीलाल की पुण्यतिथि पर रविवार काे इंडियन नेशनल लोकदल की ओर से देवीलाल पार्क में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इनेलो के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष स्व. नफे सिंह राठी की पत्नी शीला राठी व पुत्र भूपेंद्र राठी ने कार्यकर्ताओं के साथ ताऊ देवीलाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपुष्प अर्पित किए। इसके बाद उन्होंने दिल्ली में संघर्ष स्थल पर भी कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस मौके पर शीला नफे सिंह राठी ने कहा कि ताऊ देवीलाल आज भी जनता के दिलों में बसते हैं। उन्होंने अपने जीवन में अनेक ऐतिहासिक कार्य किए, जिसके लिए वह आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं। वो प्रदेश ही नहीं, बल्कि हमेशा देश के मेहनतकश किसानों, मजदूरों की आवाज उठाते थे। ताऊ देवीलाल किसानों के सर्वप्रिय नेता थे, उनके जैसी हस्ती युगों-युगों में एक बार जन्म लेती है। आज पूरा भारतवर्ष उनके द्वारा चलाई गई कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा रहा है।
ताऊ देवीलाल ने सभी बुजुर्गों की सुविधा के लिए पेंशन योजना लागू की और किसानों के कर्जे माफ कर उन्हें समृद्धशाली बनाने के निर्णय लिए व अनेक कल्याणकारी कार्य जनहित में किए। उन्होंने कहा कि ताऊ देवीलाल ने सदैव गरीब, मजदूरों, श्रमिकों, शोषित वर्ग व किसानों की समृद्धता के लिए कल्याणकारी योजनाओं को अमलीजामा पहनाया और देश के करोड़ों लोगों के जीवनस्तर को बेहतर बनाया।
शीला नफे सिंह राठी ने कहा कि स्व. नफे सिंह राठी ने भी अपना पूरा जीवन जनहित के विकास व उनकी समस्याओं को उठाने में लगा दिया। स्व. नफे सिंह राठी समाजहित के कार्यों में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाते थे, वह सदा लोगों के दिलों में बसे रहेंगे। उन्होंने कहा कि उनका परिवार भी उनके दिखाए रास्ते पर चलेगा और समाज की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहेगा। रामनिवास सैनी, मास्टर सुखबीर सरोहा, पार्षद बिजेंद्र दलाल, पार्षद मोहित राठी, राजबीर परनाला, एडवोकेट विपिन प्रधान, सूरजमल दलाल व पार्षद ज्योति राठी सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने ताऊ देवीलाल के स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
हिन्दुस्थान समाचार / शील भारद्वाज