बड़े बकायेदारों की सूची बनाकर राजस्व वसूली सुनिश्चित करें: रजनीश दुबे

वाराणसी, 20 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद के अध्यक्ष डॉ रजनीश दुबे ने मंगलवार को पिंडरा तहसील का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हाेंने अफसरों को दिशा निर्देश देते हुए कहा कि बड़े बकायेदारों का सूची बनाकर राजस्व की वसूली करें।

उन्होंने सबसे पहले एसडीएम कोर्ट में राजस्व वादों के निस्तारण की प्रकिया देखी। प्रमाण पत्रों के रिकार्ड का अभिलेख भी चेक किया और हवालात का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को अभियान चलाकर पुराने वादों का निस्तारण करने पर भी जोर दिया। कर्मचारियों की सर्विस पुस्तिकाओं पर दर्ज विवरण को देखा।अभिलेखागार तथा एसडीएम कार्यालय का निरीक्षण कर डॉ दुबे ने डाक रजिस्टर, गार्ड फाइल एवं रजिस्टर भूमि सम्बंधित दस्तावेज तथा अन्य पत्रावालियों का गहनता के साथ निरीक्षण कर अभिलेखों से उसका मिलान भी किया।

उन्होंने कहा कि पिंडरा तहसील को एक आदर्श तहसील के रूप में विकसित किया जाय और चारों ओर दीवारों में वॉल पेंटिंग कराए, जिस पर काशी की छवि दिखे। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा एवं जिलाधिकारी एस. राजलिंगम भी मौजूद रहे। इस दौरान राजस्व परिषद के अध्यक्ष डॉ रजनीश दूबे ने मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा एवं जिलाधिकारी एस. राजलिंगम के साथ पौधरोपण भी किया। इस अवसर पर एडीएम प्रशासन, एडीएम एफआर, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार आदि भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी / विद्याकांत मिश्र

   

सम्बंधित खबर