“पहले सम्मान और सुविधाएं, फिर सफाई की उम्मीद” — हड़ताली सफाईकर्मियों के बीच पहुंचीं पार्षद शशि सिंह झा
- DSS Admin
- May 13, 2026
हुगली, 13 मई (हि.स.)। रिषड़ा नगरपालिका के अस्थायी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच बुधवार को 11 नंबर वार्ड की भाजपा पार्षद शशि सिंह झा आंदोलनकारी कर्मचारियों से मिलने पहुंचीं। उन्होंने सफाईकर्मियों की समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का आश्वासन देते हुए उनसे काम पर लौटने की अपील की।
पार्षद से बातचीत के बाद हड़ताली कर्मचारियों ने संकेत दिया कि वे गुरुवार से फिर काम शुरू कर सकते हैं। कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
मीडिया से बातचीत में शशि सिंह झा ने रिषड़ा नगरपालिका प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सफाईकर्मियों को न्यूनतम वेतन तक नहीं मिल रहा है और भुगतान भी समय पर नहीं किया जाता। इसके अलावा कर्मचारियों के लिए ईएसआई और पीएफ जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं।
उन्होंने कहा, “सफाईकर्मी बेहद कठिन परिस्थितियों में काम करने को मजबूर हैं। जिन गाड़ियों से वे कचरा उठाते हैं, उनमें से कई जर्जर हालत में हैं। काम करने के लिए पर्याप्त उपकरण नहीं हैं और बीमार पड़ने पर इलाज की कोई समुचित व्यवस्था भी नहीं है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है।”
भाजपा पार्षद ने कहा कि सफाईकर्मियों की मांगें पूरी तरह जायज हैं और नगर पालिका प्रशासन को तत्काल इस दिशा में कदम उठाना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा।
उधर, सफाईकर्मियों ने कहा कि वे जनता की परेशानी को समझते हैं और इसी कारण गुरुवार से काम पर लौटने को तैयार हैं, लेकिन यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आगे फिर आंदोलन का रास्ता अपनाया जा सकता है।
---------------

