हुगली, 27 जून (हि. स.)। जिले के रिषड़ा नगरपालिका के वार्ड संख्या 20 स्थित नतून ग्राम इलाके में शनिवार सुबह एक महिला की गला रेतकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान मोनिका ओझा (32) के रूप में हुई है। वह किराए के मकान में रहती थीं और उनकी एक छोटी बेटी भी है।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब नौ बजे मृतका की मां जब बेटी से मिलने पहुंचीं तो उन्होंने कमरे के भीतर मोनिका सरकार का रक्तरंजित शव देखा। शव देखते ही उन्होंने स्थानीय लोगों को सूचना दी। घटना की खबर फैलते ही इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना पाकर रिषड़ा थाना प्रभारी संजय सरकार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में श्रीरामपुर के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अर्णब विश्वास भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतका के पति दीपंकर सरकार शुक्रवार को बाहर से घर लौटे थे। हालांकि शनिवार सुबह घटना के बाद से वह फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।
डीसीपी अर्णब विश्वास ने बताया कि यह हत्या का मामला प्रतीत होता है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और फरार पति की तलाश जारी है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृतका के वैवाहिक जीवन को लेकर भी कई तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि पुलिस ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
---------------

