भाजपा सरकार में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से हर वर्ग परेशान : अखिलेश यादव
- Admin Admin
- Jun 16, 2025

लखनऊ, 16 जून (हि.स.)। मैं धन्यवाद देता हूं अपने संगठन के लोगों का जिन्होंने यह संकल्प लिया है कि अपनी वोटर लिस्ट को सुधारने का काम करेंगे। यह बात सोमवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कही। उन्होंने बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी पर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। सपा अध्यक्ष पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सोने का भाव एक लाख से ऊपर चला गया है, यह है भारतीय जनता पार्टी का सबका साथ, सबका विकास। क्या विकसित भारत यही है कि गरीब अपनी बेटी की शादी नहीं करा पा रहा।
उन्होंने कहा कि जो लोग यह दावा करते थे कि कुंभ में 37 लोगों को जान गई, अब तो वो आंकड़े आ गए हैं 82 और अभी भी सच्चाई सामने नहीं है। मुआवजा ना देना पड़े इसलिए आंकड़े छुपाए गए।
अखिलेश ने कहा कि आने वाले समय में सेंसस (जनगणना) भी होने जा रहा है, हम लोगों को उसके लिए सावधान रहना पड़ेगा क्योंकि पता नहीं कौन से आंकड़े सरकार दे दे। भाजपा ने बड़े पैमाने पर बेरोजगार बनाने का काम किया है। पढ़े लिखे नौजवानों को बेरोजगार बना दिया, इसलिए भारतीय जनता पार्टी की हर बात झूठी है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और उसकी सरकार नफरत को बढ़ाने का काम करती है। कारोबार और मेला हमें जोड़ता है, यह कारोबार और खुशियों के खिलाफ लोग हैं।
प्रदेश में बढ़ती बिजली की दरों को लेकर अखिलेश ने भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि जब तक बिजली सस्ती नहीं होगी, तब तक कोई भी उद्योग कारोबार उत्तर प्रदेश में नया नहीं आएगा। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा