सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की तीसरी पुण्यतिथि पर काशी में गंगा तट पर अनुष्ठान

कार्यकर्ताओं ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि, 2027 में उत्तर प्रदेश में जीत का लिया संकल्प

वाराणसी, 10 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने गायघाट पर पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की तीसरी पुण्यतिथि मनाई। समाजवादी पार्टी युवजन सभा के बैनर तले जुटे कार्यकर्ताओं ने अपने प्रिय नेता को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी आत्मा की शांति व तृप्ति के लिए वैदिक मंत्रों के साथ हवन-पूजन संपन्न कराया। कार्यक्रम में पांच विद्वान ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन और पूजन कराया। हवन पूजन के बाद मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी गई। इसके पहले घाट पर नेताजी का एक विशाल कटआउट स्थापित किया गया। कार्यकर्ताओं ने लाल टोपी धारण कर अपने नेता के प्रति सम्मान और एकजुटता का दिखाई। अनुष्ठान के बाद कार्यकर्ताओं ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत के लिए मेहनत का संकल्प लिया। सयुस के प्रदेश महासचिव किशन दीक्षित व महानगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने मुलायम सिंह यादव के आदर्शों और समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रण लिया। इस दौरान किशन दीक्षित ने कहा, मुलायम सिंह यादव हमारे लिए केवल एक नेता नहीं, बल्कि एक प्रेरणा थे। उनकी तीसरी पुण्यतिथि पर हम काशी की पवित्र भूमि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और उनके सपनों को साकार करने के लिए संकल्पबद्ध हैं। वहीं, महानगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता ने कहा, नेता जी ने हमेशा समाज के कमजोर वर्गों की आवाज उठाई। हम उनके दिखाए रास्ते पर चलकर 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार बनाएंगे। कार्यक्रम में राहुल गुप्ता, अशोक यादव 'नायक', पंकज जायसवाल, अनूप खरवार, शुभम सिंह, अमन सेठ सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भागीदारी की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

   

सम्बंधित खबर